हिमखबर डेस्क
मंडी जनपद के बीएसएल पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जयदेवी में एक 34 वर्षीय अध्यापिका द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आशिमा (34) पत्नी काशीम अली, निवासी गांव भोजपुर, डाकघर भोजपुर, तहसील सुंदरनगर, जिला मंडी, राजकीय विद्यालय जयदेवी में अध्यापिका के पद पर कार्यरत थीं।
बताया जा रहा है कि उन्होंने अपने सरकारी आवास में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता चलने पर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी।
इसके बाद अध्यापिका को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बीएसएल पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट स्थिति सामने आएगी।
फिलहाल पुलिस परिजनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रही है तथा आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। अभी तक किसी सुसाइड नोट या आत्महत्या के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण के बोल
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने नियमानुसार सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं और मामले की गहन जांच जारी है।

