हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब में एक बुजुर्ग सिख के साथ कथित मारपीट, पगड़ी उतारने और बाल खींचने के आरोपों को लेकर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना को लेकर सिख समाज में रोष है।
मामले में पुलिस ने शिलाई क्षेत्र के एक युवक प्रशांत और युवती साक्षी के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद मामला और चर्चा में आ गया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित राजू शाह ने आरोप लगाया है कि उनके घर से पहले मोबाइल फोन और 30 से 35 हजार रुपये चोरी हुए थे। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि चोरी में टिंबी क्षेत्र की रहने वाली एक युवती और शिलाई निवासी एक युवक शामिल है।इसके बाद मोबाइल और नकदी वापस दिलाने के बहाने उन्हें युवती के घर बुलाया गया।
आरोप है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही वहां युवती ने उन पर हमला कर दिया और युवक ने भी मारपीट की। इस दौरान उनके साथ अभद्रता की गई, पगड़ी, दाढ़ी और बालों को भी खींचा गया, जिससे सिख समाज में नाराजगी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद सिख नेता इंद्रजीत सिंह मिक्का, दर्शन सिंह, परमजीत सिंह सहित सिख समाज के कई लोग मौके पर पहुंचे। पीड़ित राजू शाह ने कहा कि पुलिस इस मामले में गंभीरता से कार्रवाई कर रही है और उन्हें जांच पर भरोसा है।
उधर, पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि घटना में एक महिला भी शामिल थी। पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, पांवटा साहिब के वार्ड नंबर-8 निवासी इंदर पाल सिंह ने बताया कि 22 जून को जब वह अपने घर पहुंचे तो बाहरी जाली का दरवाजा टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
शिकायतकर्ता के अनुसार, घर से करीब 35 हजार रुपये नकद और तीन एप्पल मोबाइल फोन गायब थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले एक युवती साक्षी नाम बताकर किराये के कमरे के लिए आई थी और उसे घर की स्थिति की जानकारी हो गई थी।
डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर के बोल
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो और चोरी से जुड़े पहलुओं को भी जांच में शामिल कर रही है।

