चंबा में बड़ा ऐलान: अक्टूबर 2026 तक शुरू होगा चंबा-चुवाड़ी सुरंग निर्माण

--Advertisement--

चंबा में विधानसभा अध्यक्ष ने किया नगर परिषद चंबा के दो भवनों का शिलान्यास, अतिरिक्त कार्यालय भवन तथा अतिथि गृह एवं आवासीय परिसर भवन पर खर्च होंगे करीब दो करोड़ रुपए, 2600 करोड रुपए की अनुमानित लागत से बनने वाली चंबा- चुवाड़ी सुरंग का कार्य अक्टूबर-2026 तक आरंभ होगा- कुलदीप सिंह पठानियां

चम्बा – भूषण गुरुंग

नगर परिषद चंबा के अतिरिक्त कार्यालय भवन तथा अतिथि गृह एवं आवासीय परिसर भवन का विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आज विधिवत शिलान्यास किया। लगभग दो करोड़ रुपए रुपए की लागत से बनने वाले इन भवनों के बनने से न केवल नगर परिषद चंबा के अधिकारियों व कर्मचारियों को अतिरिक्त कार्यालय स्थान व आवासीय सुविधा मिलेगी बल्कि बाहर से आने वाले पर्यटकों व यात्रियों के लिए अतिथि गृह की सुविधा भी प्राप्त होगी।

इस अवसर पर नगर परिषद परिसर चंबा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि ऐतिहासिक महत्व की दृष्टि से चंबा एक सुप्रसिद्ध स्थल है तथा यहां की कला व लोक संस्कृति देश-विदेश में विख्यात है उन्होंने कहा कि चंबा को विकास की दृष्टि से आगे ले जाने के लिए प्रदेश सरकार निरंतर प्रयासरत है तथा इस दिशा में अभी बहुत कुछ किया जाना अभी शेष है। जिला चंबा में धार्मिक साहसिक तथा स्वास्थ्य संबंधी पर्यटन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं है जिन्हें विकसित करने के लिए अनेक सार्थक कदम उठाए जा रहे हैं।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि लगभग 56000 वर्ग किलोमीटर में फैला जिला चंबा भौगोलिक दृष्टि से पिछड़ा होने के कारण यहां अन्य जिलों की तुलना में धन की अधिक आवश्यकता है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों से जिला को जोड़ने के लिए सुरंग निर्माण का होना अत्यंत आवश्यक है जिससे न केवल सड़क मार्ग की दूरी कम होगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण के लिए भी यह महत्वपूर्ण है। कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में चुवाड़ी-चंबा सुरंग को बनाने के लिए अनेक सार्थक कदम उठाए गए जिसके परिणाम स्वरूप प्रदेश सरकार ने अपने स्तर पर करोड़ों रुपए खर्च कर इसकी फीजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार करवाई।

उन्होंने कहा कि लगभग 14 किलोमीटर लंबी इस सुरंग के निर्माण पर लगभग 2600 करोड रुपए खर्च किए जाएंगे तथा इसे पीपीपी आधार पर बनाया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि चुवाड़ी – चंबा सुरंग का निर्माण कार्य अक्टूबर 2026 तक आरंभ कर दिया जाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को लगभग 40 वर्षों तक पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय डॉ यशवंत सिंह परमार व स्वर्गीय वीरभद्र सिंह ने नेतृत्व प्रदान किया है तथा उनके कार्य काल में हिमाचल प्रदेश ने सड़क शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में विकास के उच्च आयाम स्थापित किए हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने राज्य के आम व्यक्ति की तकलीफ व आवश्यकताओं को समझते हुए राज्य के अनाथ बच्चों को चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट का दर्जा देते हुए मुख्यमंत्री सुख आश्रय जैसी योजनाएं आरंभ की हैं जिसके तहत ऐसे बच्चों की प्रत्येक आवश्यकता के लिए राज्य सरकार अभिभावक के रूप में कार्य कर रही। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जल विद्युत परियोजनाओं से राज्य का हिस्सा बाजिव अनुपात में न मिलने के कारण प्रदेश को आर्थिक चुनौतियों के सामना करना पड़ रहा है जिसके लिए प्रदेश सरकार भरसक प्रयास कर रही है।

इससे पूर्व नगर परिषद चंबा की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल ने विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत करते हुए उन्हें नगर परिषद चंबा द्वारा विभिन्न वार्डों में किए जा रहे विकास कार्यों बारे विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में नगर परिषद चंबा तथा प्रेस क्लब चंबा द्वारा विधानसभा अध्यक्ष व अन्य गण मान्य व्यक्तियों को विधिवत सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर प्रेस क्लब चंबा के प्रधान विनोद कुमार, वरिष्ठ कांग्रेस नेता व नगर परिषद चंबा के पूर्व अध्यक्ष जगदीश हांडा, तथा स्थानीय विधायक नीरज नायर ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।

प्रेस क्लब के अध्यक्ष विनोद कुमार ने अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां, स्थानीय विधायक नीरज नैयर तथा उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल का प्रेस क्लब चंबा के लिए दो कमरे देने के लिए विशेष आभार व्यक्त किया। विनोद कुमार ने प्रेस क्लब चंबा को दिए गए दो कमरों की मुरम्मत के लिए विधानसभा अध्यक्ष से 5 लाख की धनराशि की मांग रखी जिसके लिए विधानसभा अध्यक्ष ने उपायुक्त चंबा को आवश्यकता के अनुसार धन राशि उपलब्ध करवा कर संबंधित कार्य करवाने के निर्देश दिए। वरिष्ठ कांग्रेस नेता व नगर परिषद चंबा के पूर्व अध्यक्ष जगदीश हांडा ने अपने संबोधन में नगर परिषद क्षेत्र चंबा में उनके द्वारा किए गए कार्यों तथा इसके लिए विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया द्वारा दिए गए सहयोग पर विस्तृत प्रकाश डाला।

विधानसभा क्षेत्र चंबा के विधायक नीरज नैयर ने अपने संबोधन में प्रदेश सरकार द्वारा गत 3 वर्षों के दौरान नगर परिषद क्षेत्र चंबा के अलावा चंबा विधानसभा क्षेत्र के अन्य इलाकों में किए जा रहे विकास कार्यों बारे विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने स्थानीय जनता का आह्वान किया कि वे सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सहयोग करें। ताकि सरकारी योजनाओं व कार्यक्रमों का ज्यादा से ज्यादा लाभ आम जनता तक सुनिश्चित किया जा सके।

नीरज नैयर ने बताया कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय चंबा के भवन निर्माण के प्रथम फेस के लिए 175 करोड रुपए जारी किए जबकि दूसरे फेस के लिए भी 194 करोड रुपए स्वीकृत किए हैं उन्होंने बताया कि चंबा से संबंधित लगभग 50 करोड रुपए की विभिन्न विकास कार्यों की डीपीआर एडीबी को स्वीकृति हेतु भेजी गई हैं जिनकी स्वीकृति के पश्चात धरातल पर इनके सार्थक परिणाम देखने को मिलेंगे।

उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय में 36 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले लघु सचिवालय भवन के डिजाइन में संशोधन किया गया है जिसकी स्वीकृति लगभग दो सप्ताह के भीतर अपेक्षित है। इसके अलावा पुराना बस अड्डा में बनने वाले बहु मंजिला पार्किंग भवन तथा पुलिस ग्राउंड के समीप निर्माणाधीन इंडोर स्टेडियम का कार्य प्रगति पर है। नीरज नैयर ने बताया कि सरकार द्वारा शहर की पुरानी हाइड्रेंट प्रणाली को कार्यशील करने के लिए 7.5 करोड रुपए तथा साहू में सिंचाई कूहल की लिए 5 करोड रुपए स्वीकृत किए हैं।

ये रहे उपस्तिथ

इस अवसर पर विधायक चंबा नीरज नैय्यर व उनकी धर्मपत्नी भारती नैयर, एपीएमसी के अध्यक्ष ललित ठाकुर, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता व नगर परिषद चंबा के पूर्व अध्यक्ष जगदीश हांडा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुदर्शन ठाकुर, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी, अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा, वन मंडल अधिकारी कृतज्ञ कुमार, अधीक्षण अभियंता जल शक्ति राजेश मोंगरा, लोक निर्माण जीत सिंह ठाकुर, विद्युत् बोर्ड राजीव ठाकुर, वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद राखी कौशल कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

--Advertisement--
--Advertisement--

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

--Advertisement--

Popular

More like this
Related

देवभूमि हिमाचल: ठोडा की ललकार, धनुष-बाण की टंकार, आज भी रगों में दौड़ रहा महाभारत काल का इतिहास

हिमखबर डेस्क देवभूमि हिमाचल की घाटियों में जहां आधुनिकता ने पांव...

कक्षा के दौरान अचानक छत से भरभराकर गिरा प्लास्टर, बाल-बाल बचे बच्चे

हिमखबर डेस्क हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के अंतर्गत राजकीय...