बद्दी – रजनीश ठाकुर
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार के नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार शाम दावत चौक स्थित बिग.बी कॉम्प्लेक्स में एक साथ चार स्पा सेंटरों पर छापेमारी कर दी।
पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने सुनियोजित योजना के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया।
दरअसल पुलिस को पिछले कुछ समय से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ स्पा सेंटरों में अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं।
इसके बाद पुलिस ने पहले गुप्त निगरानी शुरू की और पुलिस कर्मियों को नकली ग्राहक बनाकर अंदर भेजा गया। पुष्टि होते ही पहले से तैनात टीमों ने कांप्लेक्स को घेरकर एक साथ रेड कर दी।
छापेमारी के दौरान ए-वन स्पा सेंटर, द गेटवे सैलून एंड स्पा सेंटर, द रिलीफ स्पा सेंटर और जन्नत सैलून एंड स्पा सेंटर में तलाशी ली गई। कार्रवाई में चारों स्थानों से कुल 17 युवतियों को रेस्क्यू किया गया, जिनमें दो थाईलैंड की नागरिक युवतियां भी शामिल हैं।
सभी को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत संरक्षण में लेकर उनकी काउंसिलिंग की जा रही है तथा आवश्यक कार्रवाई के बाद परिजनों,संबंधित एजेंसियों को सुपुर्द किया जाएगा।
पुलिस जांच में प्रारंभिक तौर पर सामने आया है कि कुछ युवतियों को नौकरी का झांसा देकर यहां लाया गया था, जबकि कई बाहरी राज्यों से भी संबंधित बताई जा रही हैं।
जांच के उपरांत पुलिस ने संबंधित स्पा सेंटर संचालकों व प्रबंधकों सहित छह आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3 व 4 के तहत थाना बïद्दी में चार अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं।
मोबाइल फोन, रजिस्टर और ऑनलाइन बुकिंग से जुड़े डिजिटल साक्ष्य भी कब्जे में लेकर नेटवर्क के अन्य कडिय़ों की जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के बोल
पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि जिला बद्दी में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं के शोषण और मानव तस्करी से जुड़े मामलों में पुलिस भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई करती रहेगी।

