छह दिनों तक प्रदेशभर में साफ रहेगा मौसम, हिमाचल में 15 जगहों पर पांच डिग्री कम तापमान
हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश में ठंड लगातार बढ़ रही है। कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिले में अगले एक सप्ताह तक कड़ाके की सर्दी पडऩे की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार इन दोनों जिलों में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री तक नीचे रहने की आशंका है। अन्य जिलों में भी रात का तापमान सामान्य से कम बना रहेगा।
बीते 24 घंटे में प्रदेश के 27 शहरों का तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। इनमें से 12 जगह 5 डिग्री से कम और 3 स्थानों पर तापमान माइनस में पहुंच गया। लाहौल-स्पीति के ताबो में सबसे कम माइनस 5.3 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। कुकुमसैरी -3.1 और केलांग -3.3 डिग्री तक लुढक़ गए।
प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2.1 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया। नाहन का न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री नीचे गिरकर 8.9 डिग्री रह गया। पालमपुर का तापमान 4.5 डिग्री की गिरावट के बाद 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले छह दिन बारिश और बर्फबारी की संभावना नहीं है। इस दौरान दिन का तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा, जबकि रातें ठंडी रहेंगी। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों के साथ-साथ मैदानी जिलों में भी ठंड बढ़ गई है।
शिमला से ज्यादा सर्दी कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर और सोलन में पड़ रही है। शिमला का न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री रहा, जबकि सोलन 3.2, मनाली 1.9, सुंदरनगर 4.6, भुंतर 2.8, ऊना 8.5, कांगड़ा 7.4, मंडी 6.2 और हमीरपुर 5.3 डिग्री दर्ज किया गया।

