शिमला – नितिश पठानियां
राजस्थान की एक युवती परिजनों को बताए बगैर शिमला के उपनगर टूटू में रह रही थी। युवती ने प्रेम प्रसंग के बाद एक युवक से शादी कर ली थी और कुछ समय से टूटू में किराए पर रहने लगी थी। युवती के लापता होने पर उसके परिजनों ने राजस्थान के एक पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
जांच में युवती के टूटू में रहने की जानकारी मिलने के बाद राजस्थान पुलिस के जवान सादे कपड़ों में टूटू पहुंचे और कार्रवाई करने लगे। इस पर स्थानीय लोगों ने एतराज जताया क्योंकि राजस्थान पुलिस के जवान वर्दी में नहीं थे। बाद में बालूगंज थाने से पुलिस की टीम मौक़े पर पहुंची और कार्रवाई कर रही राजस्थान पुलिस की मदद की।
शिमला पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि राजस्थान पुलिस आईपीसी की धारा 363 के तहत दर्ज मामले की जांच के लिए टूटू पहुंची थी और यहां रह रही युवती को अपने साथ ले गई है।

