बोले, प्रत्येक विस क्षेत्र में बनेगा आदर्श स्वास्थ्य संस्थान, स्वास्थ्य मंत्री ने निशुल्क मेगा मेडिकल कैंप का किया शुभारंभ
नगरोटा – व्यूरो रिपोर्ट
वर्तमान सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कृत संकल्प है इसी दिशा में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक स्वास्थ्य संस्थान को आदर्श स्वास्थ्य संस्थान के रूप में अपग्रेड किया जाएगा।
यह उद्गार स्वास्थ्य , परिवार कल्याण एवं सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल ने बुधवार को नगरोटा के सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विकास पुरूष स्व जीएस बाली की स्मृति में आयोजित निशुल्क मेगा मेडिकल कैंप का शुभारंभ करने के उपरांत लोगों को संबोधित करते हुए दी।
राज्य के चिकित्सा महाविद्यालयों के कुछ विभागों में रोबोटिक सर्जरी का कार्य आरंभ किया जाएगा तथा सभी चिकित्सा महाविद्यालयों में कैजुअलटी विभाग को अपग्रेड करके आपातकालीन मेडिसन विभाग बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गत मंत्रीमंडल की बैठक मे इंदिरा गांधी राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय शिमला में ट्रॉमा सेंटर और इमरजेंसी मेडिसन विभाग को कार्यशील करने तथा रोगियों की सुविधा के दृष्टिगत नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टॉफ के अतिरिक्त 136 पद सृजित कर भरने का भी निर्णय लिया।
उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों में चरणबद्व तरीके से चिकित्सकोें के पदों को भी भरा जा रहा है ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने समाज के निर्धन तथा जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए अनेकों कार्यक्रम आरंभ किए गए हैं। बेसहारा तथा निराश्रित बच्चों को चिल्ड्रन आफ स्टेट का दर्जा दिया गया है उनकी पढ़ाई लिखाई से लेकर अन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए भी सरकार की ओर से मदद मुहैया करवाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि विकास पुरूष स्व जीएस बाली के जन्म दिन पर तीन दिवसीय बाल मेले का आयोजन एक सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि 21 वर्ष पूर्व स्व जीएस बाली ने इस मेले की शुरूआत की थी उसी परंपरा को आज भी पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली आगे बढ़ा रहे हैं।
मेगा मेडिकल कैंप में 2300 लोगों ने करवाया चेकअप, नजर के चश्में तथा श्रवण यंत्र भी किए वितरित
नगरोटा के सीनियर सेंकेडरी स्कूल में स्व जीएस बाली के जन्म दिन पर आयोजित मेगा मेडिकल कैंप में 2300 लोगों ने चेकअप करवाया इसमें 50 करीब विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान की।
एम्स दिल्ली से किडनी रोग विशेषज्ञ डा संदीप महाजन, डा बीएल कपूर हास्पीटल दिल्ली, रोटरी आई हॉस्पीटल पालमपुर, फोर्टिज्स, डा राधा कृष्णन मेडिकल कालेज टांडा, हिमाचल डेंटल कालेज सुंदरनगर तथा दृष्टि बाधितोें के लिए आईआईटी दिल्ली तथा समक्ष संस्था के चिकित्सकों की टीम ने मेडिकल कैंप में रोगियों का चेकअप किया गया।
मेडिकल कैंप में निशुल्क दवाइयां तथा मेडिकल टेस्ट की सुविधा भी निशुल्क प्रदान की गई इसके साथ ही आंखों का चेक अप भी किया गया तथा लोगों को नजर की चश्में तथा श्रवण यंत्र भी निशुल्क वितरित किए गए।
इसके अलावा रोगियों के लिए खान पान भी व्यवस्था कैंप के दौरान की गई थी तथा दूरदराज के क्षेत्रों से लोगों को आने जाने के लिए परिवहन सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई थी। मेडिकल कैंप का समापन 27 जुलाई को किया जाएगा।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली, पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू, पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा, डीसी डा निपुण जिंदल, एसडीएम मुनीष कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील शर्मा सहित विभिन्न गणमान्य लोग उपस्थित थे।

