
बिलासपुर, 21 जनवरी – सुभाष चंदेल
अडानी ग्रुप द्वारा 15 दिसंबर से बिलासपुर के बरमाणा व सोलन के दाड़लाघाट दोनों सीमेंट प्लांट को अनिश्चितकाल के लिए बंद करने का फरमान जारी कर दिया था। इसके के बाद से बीते 37 दिनों से जहां सीमेंट प्लांट बंद पड़े हैं, वहीं ट्रक ऑपरेटर्स सड़कों पर उतरकर लगातार प्रदर्शन करने को मजबूर हैं।
आलम यह है कि प्रदेश सरकार के साथ ट्रक ऑपरेटर्स व कंपनी प्रबंधन की तीन चरणों में बैठक आयोजित हो चुकी है, लेकिन अभी तक कोई भी नतीजा सामने नहीं आया है।
वहीं बंबर ठाकुर का कहना है कि प्रदेश कांग्रेस सरकार ट्रक ऑपरेटर्स के हितों की रक्षा के लिए उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। मगर केंद्र सरकार इस दिशा में कोई भी ठोस कदम नहीं उठा रही है।
प्रदेश के दोनों सीमेंट प्लांट को बंद हुए 37 दिन पूरे हो चुके हैं, जिससे ट्रक ऑपरेटर्स के आर्थिक हालात बद से बदतर हो चले हैं। मगर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा इस मसले में ना तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात कर रहे हैं और न ही अडानी ग्रुप के मालिक गौतम अडानी से।
बंबर ठाकुर ने ट्रक ऑपरेटर यूनियन के नेताओं से इस मामले राजनीति न करते हुए एकजुटता के साथ अपने हकों की लड़ाई लड़ने की अपील की है। साथ ही मामले को सुलझाने के लिए प्रदेश सरकार की नियत साफ होने की भी बात कही है।
