शिमला – नितिश पठानियां
हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीएम जयराम ठाकुर का मानना है कि प्रदेश में ओल्ड पेंशन को लागू ना करने की वजह से उनकी पार्टी विधानसभा चुनाव में हार गई.
पंचकूला में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी की केंद्र की मोदी सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर प्रेस वार्ता हुई. प्रेस वार्ता को हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने संबोधित किया.
इस दौरान उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 9 साल के कार्यकाल में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की पहचान बढ़ी है. वही अर्थव्यवस्था के मामले में भी भारत पांचवें नंबर पर पूरे विश्व में आ गया है.
जयराम ठाकुर ने कहा कि 9 साल में धारा 370 हटाने की बात हो या लोगों की भावनाओं के अनुरूप अयोध्या में राम मंदिर बनाने की बात हो, वह वायदे पूरे किए गए हैं. ठाकुर ने मोदी सरकार द्वारा 9 साल में किए गए कार्यों का पूरा लेखा-जोखा मीडिया के समक्ष रखा.
एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि हिमाचल में 5 साल उन्होंने अच्छी तरह सरकार चलाई और खूब विकास कार्य किए, लेकिन कांग्रेस की 5 महीने की सरकार से ही लोग ऊब चुके हैं. पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने माना कि हिमाचल में भाजपा की हार का मुख्य कारण ओल्ड पेंशन स्कीम को लागू ना करना रहा.
जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल सरकार द्वारा जो हरियाणा पंजाब पर वाटर सेस लगाया जा रहा है, वह कांग्रेस सरकार का केवल एक पॉलीटिकल एजेंडा है. इससे किसी भी राज्य को कोई लाभ नहीं मिलेगा, जबकि यह मामला केंद्र सरकार के संज्ञान में भी है.
जयराम ठाकुर महंगाई पर पूछे गए प्रश्न पर असहज नजर आए. उन्होंने कहा कि महंगाई को भी ठीक करना नरेंद्र मोदी का ही काम है और वह इसे भली-भांति करेंगे.

