
मूसलाधार बारिश के चलते चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे पर 7 और 9 मील के पास बार बार लैंडस्लाइड होने से बंद हो गया है.
मंडी – नरेश कुमार
हिमाचल प्रदेश सहित मंडी जिला में भी जारी बारिश ने खूब कहर बरपाया. गुरुवार दोपहर बाद मूसलाधार बारिश के चलते चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे पर 7 और 9 मील के पास बार बार लैंडस्लाइड होने से बंद हो गया है.
वहीं मंडी-पठानकोट नेशनल हाईवे पर मंडी शहर के विक्टोरिया पुल के पास गाड़ी पर पत्थर गिरने का समाचार प्राप्त हुआ है. गनीमत रही कि जिस समय पहाड़ी से छूटकर पत्थर गाड़ी पर गिरा तो उस समय गाड़ी में कोई भी मौजूद नहीं था, नहीं तो जानी नुकसान हो सकता था.
जानकारी के अनुसार, हरियाणा नंबर की गाड़ी मंडी शहर के विक्टोरिया पुल के पास सड़क किनारे खड़ी थी. तभी अचानक पहाड़ी से छोड़कर पत्थर गाड़ी पर गिर गया. पत्थर गिरने से गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह टूट गया है. लैंडस्लाइड के चलते चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे 7 व 9 मील के पास वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया है.
जिला प्रशासन द्वारा वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जा रहा है. लैंडस्लाइड के चलते नेशनल हाईवे के दोनों ओर जाम की स्थिति पैदा हो गई है. फिलहाल चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे के सुबह तक खुलने की संभावना है.
एएसपी प्रोविजन विवेक चौहान ने दोनों घटनाओं की पुष्टि की है. उन्होंने वाहन चालकों से नेशनल हाईवे पर सफर न करने की अपील की है. मंडी से कुल्लू मनाली की तरफ जा रहे वाहन चालकों को बाया कटौला मार्ग इस्तेमाल करने व कुल्लू से मंडी या चंडीगढ़ की तरफ आ रहे वाहन चालकों को पंडोंह से बाया को चैलचौक जाने की हिदायत दी है.
