
मनाली – अजय सूर्या
हिमाचल प्रदेश के मनाली में एक विदेशी ने जान दी है. युवक अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मनाली घूमने आया था. यहां पर वह बीते 12 दिन से महिला मित्र के साथ रह रहा था. मनाली पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है. बताया जा रहा है कि रूसी नागरिक डिप्रेशन का शिकार था.
जानकारी के अनुसार, विदेशी नागरिक की पहचान नयकिता क्रायलॉव पुत्र क्रायलॉव बोरिस निवासी रशियन फेडरेशन मॉस्को के रूप में हुई है. वह जगतसुख में एक होम स्टे में रह रहा था.
बताया जा रहा है कि महिला मित्र के साथ उसकी बहस हुई थी, जिसके बाद वह होटल में रहने लगी थी. जबकि युवक होम स्टे में रहता था.
डीएसपी मनाली हेमराज वर्मा ने बताया कि विदेशी युवक अपनी महिला मित्र एलिसा लजारेवा के साथ 31 जनवरी 2023 को मनाली घूमने आया था और जगतसुख के एक होम स्टे मे रुके थे.
बीते दिन किसी बात को लेकर इन दोनों में बहस हो गई थी और उसके बाद उसकी मित्र एक अन्य होटल में रह रही थी.
गोवा के बाद पहुंचे थे मनाली
पुलिस के अनुसार, विदेशी नागरिक की महिला मित्र गोवा में 26 दिसंबर को पहुंची थी जबकि उसका दोस्त पहले से ही गोवा में मौजूद था. गोवा में कुछ दिन साथ मे रहने के बाद 31 दिसंबर को मनाली पहुंचे थे.
शुक्रवार को ही इस विदेशी महिला ने अलग मनाली मे दूसरे होटल प्रीमियर में कमरा ले लिया था. महिला मित्र का कहना है कि उसका दोस्त डिप्रेशन से पीड़ित था, जिसे बॉर्डलाइन नाम की बीमारी कहते है.
डीएसपी मनाली हेम चंद वर्मा ने बताया कि सेक्शन 174 के तहत मामला दर्ज किया गया है. विदेशी नागरिक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
