
हिमाचल प्रदेश के लिए आज बड़ा दिन, आईजीएमसी में ब्लैक फंगस पीडि़त महिला का आपरेशन, विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम गठित, सात डाक्टरों की देखरेख में चलेगी सर्जरी।
शिमला, जसपाल ठाकुर
हिमाचल के लिए टेंशन बने ब्लैक फंगस के लिए आज शनिवार का दिन अहम होगा। आईजीएमसी में महामारी से ग्रसित हमीरपुर के खागर से पीडि़त महिला का 22 मई को आपरेशन होगा। इसे लेकर सरकार ने वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम गठित कर दी है। सरकार के आदेशों के बाद आईजीएमसी प्रशासन ने भी कमेटी में डाक्टरों की ड्यूटी लगा दी है।
कमेटी में मेडिसिन एचओडी, ईएनटी एचओडी, आईज़ एचओडी, न्यूरो सर्जरी डिपार्टमेंट के एचओडी, डेंटल सर्जन व माइक्रोबायोलॉजिस्ट सदस्य होंगे। वरिष्ठ डाक्टरों की यह सात सदस्यीय कमेटी ब्लैक फंगस मरीज का आपरेशन करेगी। इसके साथ ही टीम हिमाचल में ब्लैक फंगस महामारी से जूझ रही मरीज को इस समय क्या-क्या दिक्कतें आ रही हैं, इस पर भी रिसर्च करेगी।
जानकारी के अनुसार ब्लैक फंगस को लेकर गठित की गई कमेटी में आईजीएमसी के प्रशासनिक अधिकारी डॉक्टर राहुल गुप्ता भी नजर रखेंगे। अस्पताल में ब्लैक फंगस का इलाज करने के लिए गठित की गई कमेटी शुक्रवार को भी आपस में चर्चा करते नजर आई।
बता दें कि ब्लैक फंगस के मामले देश के कई राज्यों में आ रहे हैं। कई राज्यों मे एक दर्जन से ज्यादा मरीजों की मौत भी हो गई है। डाक्टरों की मानें, तो ब्लैक फंगस को लेकर अगर समय पर जानकारी नहीं मिलती है, तो ऐसे में 70 से 80 प्रतिशत मरीज की जान जाने का खतरा रहता है।
प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल आईजीएमसी में गत गुरुवार को ब्लैक फंगस का पहला मामला आने के बाद हड़कंप मच गया था। हमीरपुर से जब महिला को आईजीएमसी रैफर किया गया, तो उसके बाद से कोविड पॉजिटिव इस महिला को अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में सभी मरीजों से अलग रखा गया।
