बिलासपुर – सुभाष चंदेल
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के तलाई थाना क्षेत्र में आने वाले एक गांव में शुक्रवार शाम पांच वर्षीय मासूम बच्ची से दुष्कर्म के आरोप की घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया।
आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में आरोपी के घर के बाहर एकत्र हो गए। उग्र भीड़ ने उसकी स्कूटी को आग के हवाले कर दिया। साथ ही घर के दरवाजों और खिड़कियों में तोड़फोड़ की गई।
देर रात तक गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही और पुलिस को हालात नियंत्रित करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
कुछ ही देर में बड़ी संख्या में हिंदू रक्षा मंच के कार्यकर्ता और अन्य लोग आरोपी के घर के बाहर जमा हो गए। घटना से गुस्साए लोगों ने आरोपी के घर के बाहर खड़ी उसकी स्कूटी को आग लगा दी।
इसके अलावा भीड़ ने घर के दरवाजों और खिड़कियों में भी तोड़फोड़ की। लोग आरोपी को उनके हवाले करने की मांग कर रहे थे, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही तलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बढ़ते तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक संदीप धवल भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने लोगों से बात की और उन्हें समझाया।
आरोपी के परिवार की सुरक्षा के लिए एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आरोपी नाबालिग बताया जा रहा है, जिसके चलते उसके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
पीड़ित बच्ची को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही मामले के तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि हो पाएगी। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
संदीप धवल, पुलिस अधीक्षक के बोल
आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। बच्ची को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। बच्ची और उसके माता-पिता के बयान दर्ज करने के बाद एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

