नाहन, 21 सितम्बर – नरेश कुमार राधे
33 साल के पिता को नवजात बच्चे की मौत को लेकर शक पैदा हुआ। शक भी पत्नी के साथ -साथ ससुरालियों पर है।
नतीजा ये है कि दफ़नाने के दो दिन बाद महज दो महीने के मासूम का शव शुक्रवार को कब्र से खोदकर पोस्टमॉर्टेम के लिए डॉ वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन भेजा जायेगा, ताकि नवजात की मौत की वजह का पता लगाया जा सके।
ये साफ़ है कि नवजात की हत्या को लेकर शक किया जा रहा है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने एसडीएम को अन्वीक्षा के तहत कब्र को खोदने की अनुमति को लेकर अर्जी दी।
वीरवार शाम संगड़ाह के एसडीएम ने कब्र को खोदकर शव निकालने की अनुमति पुलिस को दे दी है। चूंकि पुलिस के लिए संगड़ाह मुख्यालय से लाना पालर पहुंच कर सूर्यास्त से पहले कब्र को खोदना संभव नहीं था। लिहाजा पुलिस शुक्रवार को कार्रवाई करेगी।
बता दे कि अन्वीक्षा विशेषतः उस जांच को कहते हैं जो किसी व्यक्ति की मृत्यु के कारणों का पता लगाने के लिए की जाती है।
सोलन के ओच्छघाट के रहने वाले 33 वर्षीय देविंद्र कुमार की शादी संगड़ाह उपमंडल के पालर की पूनम से हुई थी। पति से अनबन के बाद पूनम मायके लौट आई।
ऐसा बताया जा रहा है कि मायके में रहने के दौरान पूनम ने करीब दो महीने पहले बेटे को जन्म दिया। 2-3 दिन पहले नवजात की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि बच्चे के पिता देविंद्र कुमार को बच्चे की मौत की सूचना दी गई । इसके बाद वो संगड़ाह पुलिस से जांच की मांग को लेकर पहुंचा।
जानकारी के मुताबिक क़ानूनी प्रक्रिया के तहत कब्र को खोदा जाएगा। सीधे ही शव को नाहन मेडिकल कॉलेज भेजा जाएगा।
हालांकि, सिरमौर में कब्र खोदकर शव निकालने की इक्का दुक्का घटनाये पहले भी हुई है, लेकिन नवजात शिशु के शव को खोदने की ये पहली ही घटना हो सकती है।
खैर,पोस्टमॉर्टेम व फॉरेंसिक की रिपोर्ट में मासूम की मौत का राज खुल जाएगा,लेकिन अंतिम रिपोर्ट में समय भी लग सकता है।
डीएसपी के बोल
संगड़ाह के डीएसपी (DSP) मुकेश कुमार ने पुष्टि करते हुए कहा कि शुक्रवार सुबह कब्र से शव को निकालने की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी। डीएसपी ने कहा कि क़ानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है।
एसडीएम के बोल
संगड़ाह के एसडीएम (SDM) सुनील ने अनुमति जारी करने की पुष्टि की है। एसडीएम ने कहा कि पुलिस ने कब्र खोद कर शव निकालने की पुष्टि की थी।

