व्यूरो – रिपोर्ट
भाजपा में हिंदुत्व का प्रखर चेहरा और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हिमाचल में भाजपा के चुनाव प्रचार के लिए आएंगे। हिमाचल भाजपा स्टार प्रचारकों के लिए शेड्यूल तैयार कर रही है और दिवाली के दिन से राज्य में बड़ी रैलियों की शुरुआत हो जाएगी।
दरअसल सिरमौर और सोलन जिला के बॉर्डर चुनाव क्षेत्रों से योगी आदित्यनाथ की रैलियां करवाने को लेकर डिमांड आ रही है। इसलिए भाजपा ने उन्हें अपनी लिस्ट में शामिल कर लिया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के लिए कांगड़ा जिला से भी अभी डिमांड है।
शेड्यूल के अनुसार कांगड़ा, हमीरपुर और नाहन में भी रैलियों का कार्यक्रम है, लेकिन इनकी तारीखें अभी तय होनी हैं। हिमाचल कांग्रेस चाहती है कि प्रियंका गांधी ज्यादा से ज्यादा समय हिमाचल में लगाएं और फिर भी जरूरत हो तो अन्य केंद्रीय नेताओं को भी यहां लाया जाए।
प्रियंका गांधी के अलावा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राजस्थान से सचिन पायलट हिमाचल आएंगे। इनके अलावा कुछ और केंद्रीय नेताओं को भी चुनाव प्रचार में हिमाचल लाने की योजना है।
कांग्रेस के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े भी राज्य का दौरा कर सकते हैं। हालांकि सेहत से संबंधित मामलों को देखते हुए सोनिया गांधी के हिमाचल आने को लेकर अभी तक कुछ भी फाइनल नहीं है।
भारत जोड़ो यात्रा पर निकले राहुल गांधी का शेड्यूल भी हिमाचल के लिए अभी नहीं बना है। कांग्रेस कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू का कहना है कि प्रियंका गांधी की चुनावी रैलियों को लेकर शेड्यूल लगभग फाइनल है और कांग्रेस मंडी के बाद कांगड़ा, हमीरपुर और नाहन में ये रैलियां कर सकती है।