
शिमला- जसपाल ठाकुर
हिमाचल में पहली सितंबर से कालेजों में नियमित कक्षाएं शुरू होंगी। शिक्षा विभाग के निर्देश के बाद कालेज प्रबंधन ने तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को अवकाश होने से मंगलवार को कालेजों में टाइम टेबल व सिटिंग प्लान तैयार किया जाएगा। इसे वाट्सएप पर विद्यार्थियों को भेजा जाएगा।
कालेजों को 50 फीसद क्षमता के साथ खोलने की तैयारी है। इसके लिए कालेजों ने अपने स्तर पर माइक्रो प्लान तैयार कर लिया है। स्कूलों में चार सितंबर से आनलाइन परीक्षाएं शुरू होंगी। कोरोना के मामलों में कमी आती है तो परीक्षाएं आफलाइन करवाई जा सकती हैं।
शिक्षा विभाग ने इसके लिए प्रधानाचार्यों को तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्कूल खोलने के लिए माइक्रो प्लान तैयार कर दिया है। साथ ही स्कूल प्रबंधन को निर्देश जारी किए हैं कि वे छात्रों की संख्या के आधार पर उन्हें कक्षाओं में बुलाने की प्लानिंग करें।
विभाग ने जो माइक्रो प्लान स्कूलों में भेजा है, उसमें कहा गया है कि वैकल्पिक दिनों में भी छात्रों को बुलाया जाए। जिन स्कूलों में छात्रों की संख्या अधिक होगी, वहां एक दिन छोड़कर छात्रों को बुलाया जा सकता है। उच्चतर शिक्षा विभाग के निदेशक डा. अमरजीत शर्मा ने कहा कि कालेजों में पहली सितंबर से नियमित कक्षाएं शुरू करने के लिए निर्देश जारी कर दिए हैं।
