
पालमपुर – बर्फू
स्कूल समय से ही मन में मॉडलिंग तथा एक्टिंग का शौक संजोए पालमपुर का युवक अब बॉलीवुड के सुनहरे पर्दे पर अपनी प्रतिभा बिखेरने जा रहा है। रिलीज होने से पहले ही सुर्खियां बटोर चुकी बॉलीवुड फिल्म हिंदुत्व में अपने अभिनय के माध्यम से पालमपुर का रॉन नेगी बॉलीवुड में पदार्पण करने जा रहा है।
यूं तो रॉन नेगी ने अपने फिल्मी करियर का आरंभ नैटफ्लिक्स के मसाबा-मसाबा सीजन-2 से किया है। जिस प्रकार से बड़े बजट वाली हिंदुत्व फिल्म ने अपने ट्रेलर के माध्यम से सुर्खियां बटोरी हैं, उससे फिल्म की सफलता को लेकर बड़ी संभावनाएं बताई जा रही हैं।
फिल्म 7 अक्तूबर को आधिकारिक रूप से रिलीज होगी। रॉन नेगी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा डीएवी स्कूल पालमपुर से प्राप्त की। इसके पश्चात उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। बकौल रॉन नेगी अभिनय मेरे रोम-रोम में बसा हुआ है। स्कूली शिक्षा के दौरान ही एक्टिंग और मॉडलिंग का शौक उभर कर सामने आया।
राष्ट्र प्रेम पर आधारित है फिल्म
रॉन नेगी बताते हैं कि हिंदुत्व फिल्म का डायरैक्शन कई हिट फिल्म दे चुके करण राजदान ने किया है तथा यह फिल्म राष्ट्र प्रेम पर आधारित है। उन्होंने बताया कि इसके पश्चात एक और बॉलीवुड फिल्म में अभिनय कर रहे हैं जो शीघ्र ही रिलीज होगी।
रॉन के पिता डाॅ. सुरेश नेगी कृषि विश्वविद्यालय से प्रधान वैज्ञानिक के रूप में सेवानिवृत्त हुए हैं जबकि उनकी माता रजनी नेगी बायोलॉजी में लैक्चरार है।
