
शिमला, जसपाल ठाकुर
प्रदेश उच्च न्यायालय की सलाह के बावजूद राज्य में स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना सैंपलिंग गिरा दी है। ऐसे में संक्रमण के मामले भी कम आने शुरू हो गए हैं। बुधवार को हिमाचल में 8728 ही कोविड के सैंपल लिए गए, जिनमें से खबर लिखे जाने तक 1969 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी था। कम सैंपल लेने से राज्य में 1365 ही नए मामले सामने आए, जबकि कोरोना को मात देने वालों की संख्या 2192 रही। इसके अलावा बुधवार को कोरोना संक्रमण से 44 लोगों की मौत हुई। लंबे समय बाद प्रदेश में मौतों का आंकड़ा 50 से कम रहा, जोकि राहत भरी खबर है। सैंपलिंग कम होने से कम ही मरीज सामने आ रहे हैं।
हिमाचल हाई कोर्ट ने मंगलवार को ही प्रदेश सरकार से कहा था कि प्रदेश में 20 से 30 हजार सैंपल कोरोना संदिग्धों के होने चाहिए, ताकि समय रहते उनका उपचार हो सके और वे संक्रमण के प्रसार का माध्यम न बनें, लेकिन राज्य में जो रोजाना करीब 14 हजार सैंपल हो रहे थे, बुधवार को उससे भी आधे टेस्ट हुए। ऐसे में यह चिंता का विषय बनता जा रहा है।
बुधवार को संक्रमण से 44 मौतों में से कांगड़ा जिला में सबसे ज्यादा 13, चंबा में तीन, शिमला में पांच, हमीरपुर में चार, सोलन में दो, ऊना में दो, कुल्लू में छह, मंडी में तीन, सिरमौर में चार और किन्नौर व बिलासपुर में एक-एक संक्रमित ने दम तोड़ा है। राज्य में कोरोना से अब तक एक लाख 84 हजार 347 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से एक लाख 59 हजार 227 लोग ठीक हो चुके हैं। अभी तक 2917 की मौत संक्रमण से हुई है।
जिलों में मरीजों का हाल
जिला नए ठीक एक्टिव
बिलासपुर 71 145 1426
चंबा 107 194 1273
हमीरपुर 156 103 1612
कांगड़ा 385 527 6676
किन्नौर 7 18 490
कुल्लू 56 65 770
स्पीति 14 14 155
मंडी 144 296 2236
शिमला 97 223 2475
सिरमौर 79 283 1548
सोलन 220 121 2035
ऊना 129 203 1485
कुल 1365 2192 22181
