
ब्यूरो – रिपोर्ट
पुलिस थाना गगरेट के तहत गांव अम्बोटा के वार्ड नंबर एक में सिलेंडर में अचानक आग लगने के कारण दो लोग से बुरी तरह से झुलस गए।
दोनों को गगरेट सरकारी अस्पताल में ले जाया गया। यहां पर डाक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते ऊना रेफर कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बलराम सिंह पुत्र संत राम वार्ड एक अम्बोटा निवासी के घर पर सिलेंडर में कोई दिक्कत आ गई तो उसने अपने जानकार गैस एजेंसी में काम करने वाले रविन्द्र पुत्र मनी राम निवासी गांव संघनेई को इसकी जांच करने के लिए बुलाया।
हालांकि यह मैकेनिक नहीं था, लेकिन गैस एजेंसी में काम करने के नाते और आपसी संबंध होने के नाते सिलेंडर को चेक करने लगा।
उसी दौरान सिलेंडर ने आग पकड़ ली और दोनों बुरी तरह से झुलस गए। स्वजन उन्हें गगरेट अस्पताल लेकर आए लेकिन ज्यादा झुलसे होने के कारण उन्हें ऊना क्षेत्रीय अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
हालांकि बलराम सिंह को उसके स्वजन होशियार पुर के निजी अस्पताल के लिए ले गए। स्वजन अब उनकी हालत में सुधार बता रहे हैं और दोनों खतरे से बाहर हैं।
ग्राम पंचायत अम्बोटा के उपप्रधान रमन ठाकुर ने बताया कि दोनों को गगरेट अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया है और उनके परिवार के लोग उन्हें ले गए हैं।
एसपी ऊना अर्जित ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
