
दिल्ली- नवीन गुलेरिया
आम पार्टी से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की हिमाचल विरोधी कार्यशैली से रुष्ट होकर आप नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं। आप के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अनूप केसरी के भाजपा में शामिल होने के बाद आम आदमी पार्टी के पांच पदाधिकारियों भाजपा का दामन थाम लिया है।
हिमाचल में विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी की नींव टूटने लगी है। ऐसे में हिमाचल के पहाड़ों का चढ़ाई चढऩा आम आदमी पार्टी के लिए मुश्किल होगा। चुनाव से पहले ही झाडू की तीलियां बिखरने लगी हैं।
आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की हिमाचल विरोधी कार्यशैली से नाराज होकर सोमवार को पांच आप नेताओं ने दिल्ली में भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में भाजपा का दामन थाम लिया।
भाजपा में शामिल हुए आम आदमी पार्टी के हिमाचल प्रदेश की महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ममता ठाकुर, प्रदेश उपाध्यक्ष सोनिया बिंदल, प्रदेश उपाध्यक्ष संगीता, उद्योग विंग के प्रदेश अध्यक्ष डीके त्यागी और प्रदेश उपाध्यक्ष सोशल मीडिया आशीष कुमार शामिल हैं।
इन आप नेताओं को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी, पार्टी महासचिव अरुण सिंह एवं राष्ट्रीय सह मीडिया प्रभारी संजय मयूख भी उपस्थित रहे।
इसके अलावा हाल ही में आम आदमी पार्टी को छोडकऱ भाजपा में आए पूर्व हिमाचल प्रदेशाध्यक्ष अनूप केसरी, संगठन महामंत्री सतीश ठाकुर भी इस दौरान मौजूद रहे।
हिमाचल में आप की राज्य कार्यसमिति भंग
हिमाचल प्रदेश की आम आदमी पार्टी की राज्य कार्यसमिति भंग कर दी गई है। गौर हो कि आप के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अनूप केसरी के भाजपा में शामिल होने के बाद हिमाचल के पांच आप नेताओं ने दिल्ली में भाजपा का दामन थाम लिया। इसके बाद आम आदमी पार्टी ने हिमाचल प्रदेश की राज्य कार्यसमिति भंग कर दी है।
हिमाचल में अब आम आदमी पार्टी नई राज्य कार्यसमिति का पुनर्गठन किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी की राज्य कार्यसमिति भंग करने की सूचना आम आदमी पार्टी के नेता दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने की है। उन्होंने इसकी जानकारी ट्वीट कर दी है।
