
पालमपुर – बर्फू
लगातार बढ़ रहे साइबर क्राइम को रोकने के लिए अब जिला कांगड़ा में साइबर पुलिस स्टेशन बनेगा। पुलिस इसके लिए जगह तलाश रही है। जगह फाइनल होते ही यह साइबर थाना खोल दिया जाएगा, जो सीआईडी के अधीन होता है।
डीआईजी नॉर्थ जोन धर्मशाला सुमेधा द्विवेदी ने साइबर क्राइम को एक बड़ी चुनौती माना है। उनका कहना है कि साइबर क्राइम बड़ा है और उस पर पार पाना एक बड़ी चुनौती है। इसके लिए जिला कांगड़ा में जल्द एक साइबर पुलिस थाना खोला जाएगा।
पालमपुर में मीडिया से रूबरू हुई डीआईजी सुमेधा द्विवेदी ने कहा कि जनता के सहयोग के बिना अपराधों पर काबू पाना मुश्किल होता है। ऐसे में जनता को भी पुलिस का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने पालमपुर में लोगों के साथ पुलिस की हुई बैठक में कहा कि पुलिस और जनसंवाद होना जरूरी है।
यह कोरोना के चलते बंद किया गया था। लेकिन इसकी अब फिर से शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि पालमपुर में यातायात और एनडीपीएस को लेकर भी कुछ मुद्दे रहे हैं, जिसके लिए एसपी खुशहाल शर्मा के प्रयासों से बिंद्रावन में एक पुलिस बूथ भी खोल दिया गया है।
पालमपुर के यातायात को व्यवस्थित करने के लिए भी लोगों के सहयोग से कदम उठाए जा रहे हैं। इसके लिए लोगों ने भी अपने सुझाव पुलिस के पास रखे हैं। उन पर स्थानीय पुलिस भी अपना प्लान तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि प्रवासियों का पंजीकरण होना चाहिए और लोगों को भी इस बारे में जागरूक करना होगा।
इससे पहले डीआईजी ने जनता के साथ पालमपुर के कई मुद्दों पर चर्चा की। इस मौके पर एसपी खुशहाल शर्मा व डीएसपी पालमपुर गुरबचन सिंह मौजूद रहे।
