कोटला – व्यूरो
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोटला में अपने दादा की स्मृति में एसएनके फाउंडेशन के माध्यम से अध्यक्ष सुधीर कुमार कायस्था ने 15 लाख रुपए की लागत से उत्तर भारत का पहला रोबोट एसीस क्लासरूम का तोहफ़ा देते हुए पूर्व की स्मृतियों को अपनी भावनाओं में व्यक्त करते हुए सुधीर कुमार कायस्था ने कहा कि 1952 मे कोटला में इस विद्यालय का शुभारंभ उस समय के सरपंच स्वर्गीय दीवान संसार चंद भटनागर ने पंचायत पब्लिक हाई स्कूल कोटला के साथ शुरू की।
1952 मे मेरे दादा के हाथो का बोया बीज आज बट वृक्ष के रुप मे देख कर मन को शांति मिली, उन्होंने कहा कि 1981 मे तत्कालीन हैड मास्टर सीबी गुलेरिया के सहयोग से एसएनके फाउंडेशन ने मेधावी विद्यार्थियों के लिए स्कॉलरशिप शुरू किए थे, जोकि हर वर्ष क्षेत्र के 52 स्कूलों में दिए जाते थे, जोकि कोरोना काल में स्थगित करने पड़े।
उन्होंने कहा कि पुरखों एवं मात्रभूमि का कर्ज चुकाने के लिए अदना सा प्रयास किया है, ताकि कोटला के बच्चे इस प्रतिस्पर्धा के युग मे जमाने के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से देश के बाकी के नामी गिरामी स्कूलों के बच्चों से मुकाबला कर सकें।

उन्होंने कहा कि मैने स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरणा लेते हुए मानवता के उत्थान के लिए अपनी नेक कमाई से अर्जित कुछ हिस्सा समाज की भलाई के लिए लगाया है और भविष्य में इस क्षेत्र में प्रयासरत रहूंगा। गौरतलब है कि उत्तर भारत की जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान आदि कहीं भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस क्लासेस नहीं है।
हिमाचल प्रदेश के कोटला जिला कांगड़ा हिमाचल प्रदेश में पहला डिजिटल स्मार्ट क्लासरूम होगा। 1952 से शुरू हुए इस शिक्षा मंदिर के सफर में 1962 तत्कालीन पंजाब सरकार ने इसे सरकारी नियंत्रण में लेते हुए सुरक्षा कवच पहनाया। 1965 में हिमाचल सरकार के अधीन आया। वर्ष 1995 में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का दर्जा मिला।
अब आदर्श विद्यालय के रूप में आगे बढ़ रहा है।इस अवसर पर प्रधानाचार्य बबीता सहोत्रा ने कहा कि यह एक सुखद अनुभूति है कि बच्चों को शिक्षा में सुधार के लिए आधुनिक साधन उपलब्ध हुए हैं और आशा कि धीरे धीरे इसका आशातीत लाभ बच्चों को मिलेगा, जोकि गौरव की बात है। उन्होंने संस्थान को यह नायाब तोहफा दान करने के लिए सुधीर कुमार कायस्था परिवार का आभार व्यक्त किया।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर सुधीर कुमार कायस्था की धर्मपत्नी अरूण कायस्था, भानजा सुरजीत गुप्ता, क्षेत्र के अग्रणी शिक्षा हाईट के मैनेजिंग डायरेक्टर दीवान रमन कायस्था, सेवानिवृत्त अधीक्षण अभियंता रविन्द्र मन्हास, डॉक्टर विकास गुप्ता, प्रधानाचार्य बबीता सहोत्रा, कुलजीत पठाणियां,नीरजा मन्हास, रजनीश कुमारी, नरेन्द्र सिंह, पूर्व प्रधान योगराज मेहरा आदि उपस्थित रहे।

