
शिमला, 17 मार्च- जसपाल ठाकुर
सवर्ण आयोग को कानूनी जामा पहनाने की मांग को लेकर बुधवार को राजधानी में उग्र प्रदर्शन कर चक्का जाम करने और पथराव करने वाले प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे रुमित ठाकुर सहित 3 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनके विरुद्ध बालूगंज थाना में एफआईआर दर्ज हुई है।
देवभूमि क्षत्रिय संगठन व देवभूमि सवर्ण मोर्चा पर उपद्रव मचाने पब्लिक प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाने सहित अन्य धाराओं में दो मामले दर्ज किए गए है। इसमें हत्या के प्रयास की धारा 307 भी लगाई गई है।
दरअसल शिमला-कालका हाईवे पर तारा देवी में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया था, जिसमें एएसपी (ASP) समेत कई जवान चोटिल हुए। इस पर बालूगंज पुलिस ने धारा 147, 148, 149, 341, 353, 332, 307 और 147, 148, 149, 341, 188 IPC & 3 के तहत दो मामले दर्ज किए हैं।
प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला भी बनाया गया है। प्रदर्शनकारियों ने सरकारी तामझाम को ध्वस्त कर दिया था। धारा 144 लागू होने के बावजूद शहर में प्रदर्शन के दौरान पांच घंटे अराजकता जैसा माहौल रहा।
