
शिमला- जसपाल ठाकुर
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के दिल्ली दौरे का असर दिखने लगा है। शिमला-मटौर फोरलेन के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। पांच चरणों में बनाए जा रहे इस फोरलेन के चौथे चरण को हरी झंडी मिल गई है। इस चरण में 1146.19 करोड़ रुपए खर्च होंगे। केंद्रीय भूतल परिवहन राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस बारे में ट्वीट भी किया है।
केंद्र सरकार ने एनएच-3 और एनएच-303 के हमीरपुर बाईपास चीलबाहल से भंंगवार (वाया ज्वालामुखी) को मंजूरी दी है। शिमला से मटौर तक फोरलेन को पांच भागों में बनाया जा रहा है। इसमें से अब तक पांचवें हिस्से का ही काम शुरू हो पाया है, जबकि अन्य चार हिस्सों में टेंडर और बजट की प्रक्रिया को पूरा किया जा रहा था। अब पांचवें हिस्से के साथ ही चौथे का भी निर्माण शुरू हो जाएगा।
इस बजट को मौजूदा सड़क के पुनर्वास और उन्नयन पर खर्च किया जाएगा। गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने हिमाचल में 69 एनएच बनाने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया था। इसके बाद इन एनएच की संख्या कम करके 25 कर दी गई और हाल ही में विधानसभा में भी मुख्यमंत्री अब नौ ही एनएच बनाने की बात कर चुके हैं।
इसी बीच शिमला-मटौर एनएच को चौड़ा करने के काम में भी लगातार देरी की वजह से यह मामला चर्चा में बना हुआ था। विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान धर्मशाला के विधायक विशाल नैहरिया ने इस सवाल को उठाया था। इस दौरान सरकार की ओर से पांचवें चरण का काम चलने की बात कही गई थी।
अब केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस संबंध में ट्वीट कर पूरी स्थिति साफ कर दी है। पांचवें के साथ ही चौथे चरण का काम भी शुरू होने जा रहा है। बजट मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और हाईवे के चौथे हिस्से का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।
गडकरी का ट्वीट
चीलबाहल से भंगवार (वाया ज्वालामुखी) खंड (पैकेज चार शिमला-मटौर) के पुनर्वास और उन्नयन के लिए 1146.19 करोड़ बजट के साथ स्वीकृति दी है।
सीएम बोले, प्रदेश को होगा फायदा
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल को फोरलेन परियोजना पर एक और सौगात मिली है। इसके लिए केंद्र सरकार बधाई की पात्र है। प्रदेशवासियों को इस मार्ग के निर्माण से लाभ मिलेगा। 1146.19 करोड़ रुपए की लागत से इस मार्ग का पुनर्वास और उन्नयन होना है।
