शिमला – नितिश पठानियां
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के मॉल रोड में युवक की हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शिमला पुलिस ने सतिंदर पाल नाम के आरोपी को हरियाणा के सिरसा से गिरफ्तार किया है और पुलिस उसे शिमला ले आई है।मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
आरोपी के विरुद्ध पुलिस ने सदर थाना शिमला में आईपीसी की धारा 302 के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। बता दें कि शिमला के मालरोड पर पुलिस सहायता कक्ष के सामने रेस्टोरेंट के कर्मचारी की तेजधार हथियार (गंडासी) से हत्या की गई थी।
गौरतलब है कि सोमवार अल सुबह की यह वारदात है। मॉल पर वेक एंड बेक रेस्टोरेंट में 21 साल का युवक काम करता था। उस पर आधी रात को हमला किया गया था। हमला करने के बाद हरियाणा के सिरसा का रहने वाला आरोपी सत्येंद्र मौके से फरार हो गया था। शिमला पुलिस की टीमें उसके पीछे थी और अब उसे सिरसा से गिरफ्तार किया गया है।
सोमवार को एसपी शिमला ने बताया था कि आरोपी हत्या करने के बाद फरार हो गया था। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान शिमला, सोलन और चंडीगढ़ तक जांच की थी और सारे सीसीटीवी खंगाले थे।
इकलौता बेटा था मनीष
शिमला के कुपवी के गांव कोठी का रहने वाला मनीष अपने माता पिता की इकलौती संतान थी। वह रेस्टोरेंट में काम करता था। बेटे के हत्या के बाद पिता सोहन सिंह ने कहा कि उनको कंधा देना वाला इकलौता सहारा चला गया। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।
ये था मामला
बता दें कि आरोपी ने रेस्टोरेंट कर्मी मनीष (21) निवासी कोटी, कुपवी (चौपाल) की जघन्य तरीके से हत्या कर दी थी। मनीष करीब एक साल से मालरोड के एक रेस्तरां में काम कर रहा था। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे से पता लगाया कि रेस्तरां के साथ लगते कैफे में दिसंबर 2023 से काम कर रहे सिरसा (हरियाणा) के सतेंद्र पाल सिंह ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी कैफे में चोरी का प्रयास कर रहा था।
शीशा टूटने की आवाज सुनकर पुलिस कर्मी बाहर निकले तो देखा मनीष लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा था। खून बह रहा था। पुलिस कर्मियों ने मनीष को उठाया और आईजीएमसी ले गए। यहां उपचार के दौरान मनीष ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों के मुताबिक अत्यधिक खून बहने से मनीष की मौत हो गई। दरअसल मनीष रेस्तरां में पार्ट टाइम नौकरी करने के साथ-साथ कंप्यूटर कोर्स भी कर रहा था। परिवार का वह इकलौता बेटा था।
आईजीएमसी में मनीष की मौत के बाद परिजनों और रिश्तेदारों ने हंगामा किया। इससे पहले मालरोड पर भी उनकी पुलिस से बहस हुई। परिजन पुलिस से निष्पक्ष जांच कर आरोपी को जल्द पकड़ने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने घटनास्थल से फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए और हथियार भी जब्त कर लिया है। बता दें कि यह मामला पिछले कल हिमाचल विधानसभा में भी जोर शोर से गूंजा।

