हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी मनाली में आयोजित पांच दिवसीय राष्ट्र स्तरीय विंटर कार्निवाल का गुरुवार को समापन हो गया है। शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कार्निवाल का समापन किया। विंटर कार्निवाल में शिमला की आशिमा चौहान ने विंटर क्वीन का खिताब जीत लिया है। गुरुवार देर रात को हुए कार्यक्रम में विंटर क्वीन का चुनाव किया गया और शिमला की आशिमा के सिर विंटर क्वीन का ताज सजा। आशिमा मॉडलिंग में ही अपना करिअर बनाना चाहती हैं।
प्रतियोगिता में ताप्ती ठाकुर फर्स्ट रनरअप और चंबा की इप्शिता को सेकंड रनरअप चुना गया। प्रतियोगिता में सभी प्रतिभागियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। सुंदरियों के बीच शुरू हुआ यह मुकाबला कई चरणों के बाद अंतिम पड़ाव में पहुंचा। रात करीब पौने 10 बजे विंटर क्वीन की विजेता का चुनाव हुआ। इसे पहले आखिरी दिन 25 सुंदरियों ने रैंप पर हुस्न के जलवे बिखेरे। सुंदरियों के कैटवॉक पर पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
विंटर क्वीन के लिए सुंदरियों से सवाल भी पूछे गए। सुंदरियों ने ज्यूरी को प्रभावित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। पहले व दूसरे चरण के बाद अंतिम 15 का चयन किया गया। उसके बाद अंतिम व तीसरे राउंड के लिए छह सुंदरियों को चुना गया।
विंटर क्वीन का ताज पाने के लिए सभी 25 सुंदरियों ने खूब तैयारियां कर रखी थीं। इस दौरान मनुरंगशाला में देशभर से आए सैलानियों ने भी जमकर इसका लुत्फ उठाया। ज्यूरी की ओर से दिए गए टाइटल पर शानदार प्रस्तुति देकर वाहवाही लूटी।
फाइनल राउंड की छह सुंदरियां
अक्षी धर्मा, ताप्ती ठाकुर, मेघना, आशिमा चौहान, इप्शिता और सुमन सिंह शरद सुंदरी के टॉप छह में पहुंची थीं।कार्निवाल की अंतिम सांस्कृतिक संध्या रात 12 बजे तक चलती थी, लेकिन कोरोना कर्फ्यू के कारण कार्निवाल का संपन्न 10 बजे ही करना पड़ा है। शिक्षा मंत्री ने इस दौरान कार्निवाल में विजेता रहे दलों को सम्मानित किया। कार्निवाल में विंटर क्वीन प्रतियोगिता, वॉयस ऑफ कार्निवाल स्पर्धा और महिला मंडलों की नाटी आकर्षक का केंद्र रही।
इसके अलावा कार्निवाल में कई अन्य स्पर्धाएं भी हुईं जिन्होंने दर्शकों को कड़ाके की ठंड में भी बांधे रखा। लोगों और पर्यटकों के मनोरंजन के लिए कार्निवाल कमेटी की ओर से माल रोड से लेकर मनुरंगशाला में आयोजित वाद्य यंत्र, बैंड, टैलेंट शो, क्लासिक डांस, फिल्मी गीत पर डांस, लोकनृत्य प्रतियोगिता ने खूब वाहवाही लूटी।
नाटी में राइट बैंक प्रथम और वामतट दूसरे स्थान पर रही। वॉयस ऑफ कार्निवाल में पहले स्थान पर अभिजीत, उर्मिला सोनी दूसरे और गुरप्रीत सिंह और गुरप्रीत-2 तीसरे स्थान पर रहे। महिला मंडल के रस्साकस्सी में हिमरी विजेता रहा।
दो साल बाद कार्निवाल को लेकर घाटीवासियों में उत्साह का माहौल था। इस दौरान मनाली में होटलों की ऑक्यूपेंसी 60 फीसदी तक रही। विंटर कार्निवाल कमेटी के अध्यक्ष एवं उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने कहा कि पांच दिनों तक चले विंटर कार्निवाल मनाली का समापन हो गया है।