
शाहपुर- नितिश पठानियां
विधानसभा क्षेत्र शाहपुर की नगर पंचायत के सदस्यों ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है। मिली जानकारी के अनुसार नगर पंचायत के सदस्य अध्यक्ष व उपाध्यक्ष से नाखुश लग रहे हैं। नगर परिषदों की इस नाराजगी की बजह उनकी हर जगह अनदेखी बताई जा रही है।
ऐसे में अंदरखाते सुगबुगाहट यह है कि जल्द अध्यक्ष का चुनाव दोबारा हो सकता है। अगर यह होता है तो चुनावों से पहले यह कई राजनीतिक समीकरणों को बिगाड़ेगा क्योंकि यह 7 में से 4 सदस्यों का नाराज होना चुनावी पंडितों को नया गणित सीखाने के लिए काफी है।
शाहपुर नगर पंचायत के सदस्यों ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष से नाराज़गी के चलते एसडीएम शाहपुर डॉ मुरली लाल शर्मा को अविश्वास प्रस्ताव दिया। इस प्रस्ताव में किरण, आज़ाद, शुभम व निशा ने हस्ताक्षर किए।
शाहपुर नगर पंचायत के भाजपा पार्षदों ने कांग्रेस समर्थित एक पार्षद के सहयोग से अपनी ही पार्टी की अध्यक्ष उष्मा चौहान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश कर दिया।पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव की प्रति एसडीएम शाहपुर को सौंप कर जल्द बैठक बुलाने की मांग की है।
अविश्वास प्रस्ताव आते ही अध्यक्ष उष्मा चौहान व उपाध्यक्ष विजय गुलेरिया अल्पमत में आ गए है। कांग्रेस समर्थित वार्ड 6 गोरडा की पार्षद किरण कौशल ने समाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीन चौधरी से मुलाकात कर बुधवार को पाला बदल लिया तथा भाजपा समर्थित पार्षदों के सहयोग से अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश कर दिया।
यहां बता दे कि वर्तमान में भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश चौहान की पत्नी उष्मा चौहान शाहपुर नगर पंचायत की अध्यक्ष है।
उष्मा चौहान ने सरवीन चौधरी के गृह वार्ड से जीत हासिल की थी,हालांकि इस वार्ड से सरवीन ने भी अपना प्रत्याशी भी उतारा था,लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।राकेश चौहान व सरवीन की अनवन जग जाहिर है।
नगर पंचायत के लिए पहली बार हुए चुनाव में सरवीन समर्थित तीन पार्षद जीत कर आए थे तथा उष्मा चौहान कांग्रेस के दो व एक आज़ाद प्रत्याशी का समर्थन लेकर अध्यक्ष पद पर काबिज हुई थी।
अहम यह है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने उष्मा चौहान को भाजपा समर्थित अध्यक्ष बताया था,लेकिन एक साल बाद ही भाजपा पार्षदों ने कांग्रेस समर्थित पार्षद के सहयोग से अपनी ही पार्टी की अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश कर दिया है।
कौन है किरण कौशल
अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के खिलाफ पेश किए गए अविश्वास प्रस्ताव के पीछे अहम रोल अदा करने वाली किरण कौशल वार्ड 6 गोरडा से जीत कर आई है।
किरण कौशल कांग्रेस महासचिव केवल सिंह पठानिया की समर्थक है।चुनाव के दौरान भी किरण को केवल व कांग्रेस का पूर्ण समर्थन रहा है,लेकिन अब उन्होंने पाला बदल लिया है।
निशा शर्मा अध्यक्ष तो किरण हो सकती है उपाध्यक्ष
अध्यक्ष उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव आते ही सरवीन चौधरी समर्थित निशा शर्मा अध्यक्ष पद की दौड़ में आ गई है।सूत्रों की माने तो वार्ड पांच की पार्षद निशा शर्मा को अध्यक्ष बनाने की विसात बिछ चुकी है,जबकि कांग्रेस से पाला बलने वाली किरण कौशल को उपाध्यक्ष बनाने पर लगभग सहमति बन गई है।
