बिलासपुर, 29 मई – सुभाष चंदेल
हिमाचल प्रदेश में अग्निकांडके मामले दिन-प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं। बिलासपुर भी इससे अछूता नहीं रहा है। जैसे-जैसे गर्मी का पारा बढ़ता जा रहा है आग के मामले भी बढ़ते जा रहे है। ताजा मामले में घटना विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नैना देवी में गुफा के समीप की है। जहां रोप-वे के समीप पहाड़ी पर मंगलवार रात आग ने विकराल रूप ले लिया।
आग इतनी भयंकर थी कि थोड़े ही समय बाद प्राचीन गुफा तक पहुंच गई थी। तक़रीबन गुफा के समीप का पूरा जंगल जलकर राख हो गया। इस दौरान आस-पास के क्षेत्र में काफी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे, लेकिन माता की कृपा से सभी सुरक्षित है।
उधर, मंदिर के पुजारियों ने बताया कि रात के समय आग इतनी भयंकर थी कि होटल के समीप खड़ी उनकी दो गाड़ियों को भी आग ने अपनी चपेट में ले लिया, जोकि पूरी तरह जलकर राख हो गई है। स्थानीय पुजारी विकाश शर्मा और विशाल शर्मा का भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने सरकार से मुआवजे की मांग की है।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम भी मौके पर तैनात है। आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है, लेकिन आशंका व्यक्त की जा रही है कि रोप-वे को काफी नुकसान हुआ है।
फायर ब्रिगेड के इंचार्ज का कहना है कि रात के समय सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके के लिए रवाना हो गई थी। माता की प्राचीन गुफा के समीप व रोपवे के आस-पास आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन बढ़ते तापमान के कारण जंगल में आग लगने का खतरा अभी भी बना हुआ है।

