
ब्यूरो – रिपोर्ट
ऊना जिले के गगरेट के भंजाल वार्ड से संबंधित एक विवाहिता ने एक भाजपा नेता पर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। विवाहिता ने कहा कि उसके चरित्र को इंटरनेट मीडिया के माध्यम से उछाला गया है।
विवाहिता ने बताया कि उसने मर्जी से पसंद के लड़के से शादी की है और पति के साथ सुखपूर्वक रह रही है। बेटी के इस कदम से नाराज पिता ने बेटी को जायदाद से बेदखल करने का फैसला लिया।
बाप-बेटी के परिवार के बीच के मतभेद के कारण से कुछ मौकापरस्त लोग राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं।
विवाहिता के पिता ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि तहसीलदार के समक्ष बेदखली के कागजात लेकर पहुंचने पर उन्हें कुछ लोगों ने गुमराह किया और पुलिस थाने ले गए जहां उन्हीं के गांव के कुछ लोग पहले से मौजूद थे।
पिता के अशिक्षित होने का फायदा उठाते हुए बेदखली की प्रक्रिया की आड़ में, एक राजनीतिक साजिश के तहत विवाहिता के गुमशुदा होने की शिकायत दी गई।
इसके तुरंत बाद उस फर्जी शिकायत को इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम के संबंध में विवाहिता और उसके पिता ने अपनी-अपनी शिकायत स्थानीय थाना के साथ-साथ एसपी ऊना को भी दे दी है और फर्जी शिकायत को लिखने और उसको इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
विवाहिता ने इंटरनेट मीडिया पर उसको बदनाम करने वाले लोगों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा करने की बात भी कही है।
विवाहिता के बयान से यह भी सामने आया है कि इस पूरे घटनाक्रम में विवाहिता को और उसके परिवार को मोहरा बनाकर को राजनीतिक मतलब के कारण शिक्षण संस्थान व संस्थापक को बदनाम करने की कोशिश थी।
वह जल्द से जल्द अपने संस्थान वापस लौटेगी और अपनी शिक्षा को पूर्ण रूप से जारी रखेगी।
