लगघाटी के भुट्टी में दर्दनाक सड़क हादसा, एक की मौत, 2 गंभीर घायल
कुल्लू – अजय सूर्या
रविवार को कुल्लू जिले की लगघाटी के भुट्टी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक कार अनियंत्रित होकर सरवरी नदी में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि नदी में गिरते ही कार के परखच्चे उड़ गए। कार में उस समय 3 लोग सवार थे।
हादसे में भूपेंद्र सिंह (32) निवासी गांव भूमतीर लगघाटी कुल्लू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वरुण ठाकुर और हिमांशु गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से कुल्लू अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है और मृतक भूपेंद्र सिंह के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित और सतर्क होकर वाहन चलाने की अपील की है ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

