राजकीय महाविद्यालय रिड़कमार में ‘सांख्यिकी के महत्व’ पर जागरूकता कार्यक्रम, विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन
शाहपुर – नितिश पठानियां
राजकीय महाविद्यालय रिड़कमार के अर्थशास्त्र विभाग द्वारा अर्थशास्त्र एवं सांख्यिकी विभाग हिमाचल प्रदेश के सौजन्य से युवा पीढ़ी को सांख्यिकी के महत्व से अवगत कराने के उद्देश्य से “युवा पीढ़ी के लिए सांख्यिकी के महत्व पर जागरूकता कार्यक्रम” का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम भारत सरकार के सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 59 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रश्नोत्तरी, भाषण तथा पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में बी.ए. द्वितीय वर्ष की अवंतिका, रेखा और कल्पना (एडम स्मिथ टीम) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
बी.ए. तृतीय वर्ष की कविता, महक और स्वाति (मार्शल टीम) द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि प्रियंका, नेहा और रक्षा (केन्स टीम) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
भाषण प्रतियोगिता में बी.ए. द्वितीय वर्ष की रेखा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बी.ए. प्रथम वर्ष की काजल द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि शिक्षा (बी.ए. प्रथम वर्ष) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में बी.ए. प्रथम वर्ष के राजीव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ईशा, सोनम और सिमरन को द्वितीय स्थान मिला, जबकि पायल डोगरा, स्वाति, महक व कविता ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर हाकम चंद, सहायक आचार्य (अर्थशास्त्र) ने किया। इस अवसर पर कार्यवाहक प्राचार्य प्रोफेसर मनोज कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सांख्यिकी आज के समय में जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में निर्णय लेने, योजनाओं के निर्माण तथा अनुसंधान कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इस अवसर पर प्रोफेसर भूपिंदर सिंह, डॉ. आशा मिश्रा तथा श्री वेद भूषण भी उपस्थित रहे। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रोफेसर भूपिंदर सिंह और डॉ. आशा मिश्रा ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों की सराहना की गई। इस कार्यक्रम के तहत दिनांक 07 मार्च को निबंध लेखन प्रतियोगिता व सांख्यिकी के महत्व विषय पर एक वर्कशॉप का भी आयोजन किया जाएगा ।

