लखीमपुर- शिवम् सिरिवास्तव
कृषि कानूनों और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी की टिप्पणी का विरोध कर रहे किसानों और मंत्री के बेटे के बीच रविवार को हिंसक टकराव में आठ लोगों की मौत के बाद उत्तर प्रदेश में बवाल मचा हुआ है। सियासी उबाल के बीच कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी लखीमपुर जाने के लिए निकलीं लेकिन उन्हें सीतापुर के हरगांव में पुलिस ने हिरासत में ले लिया। लखनऊ में धरने पर बैठे अखिलेश यादव को हिरासत में ले लिया गया है। वहीं केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्र के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।
लाइव अपडेट 01:26 PM, 04-OCT-2021 रुद्रपुर के कलक्ट्रेट गेट पर किसानों का धरना शुरू
रुद्रपुर के कलक्ट्रेट गेट पर किसानों का धरना शुरू। प्रदर्शनकारी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री को बर्खास्त करने और हत्यारों को फांसी की मांग कर रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी जारी है।
01:11 PM, 04-OCT-2021 लखीमपुर हिंसा के खिलाफ नवजोत सिद्धू का विरोध प्रदर्शन
चंडीगढ़ में कांग्रेस नेता नवजोत सिद्धू भी कार्यकर्ताओं के साथ लखीमपुर खीरी की घटना की निंदा करते विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भाजपा मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन, दिल्ली में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय के बाहर घेराव कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
12:57 PM, 04-OCT-2021 झांसी और ललितपुर में सड़कों पर उतरे सपाई, हुए गिरफ्तार
लखीमपुर खीरी में किसानों की मौत के बाद सोमवार को झांसी और ललितपुर में भी किसान और सपा नेता सड़क पर उतर आए। झांसी के इलाइट चौराहे पर सपा नेताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने दर्जनों सपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को गिरफ्तार कर लिया। इन्हें पुलिस लाइन ले जाया गया। जहां सपाइयों और पुलिस के बीच तीखी नोंक-झोंक हुई। इसके अलावा आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी पुलिस लाइन में प्रदर्शन किया। वहीं कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी और महासचिव प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस नेताओं ने भी प्रदर्शन किया। उधर, ललितपुर में किसानों की मौत को लेकर घंटाघर पर सपा नेताओं ने प्रदर्शन किया। वहीं प्रदर्शन को लेकर पुलिस बल की तैनाती की गई।
12:50 PM, 04-OCT-2021 पीड़ित परिवारों को 45 लाख का मुआवजा देगी सरकार
सुबह से ही किसानों और प्रशासन के बीच में वार्ता चल रही थी जिसमें दोनों पक्षों में सुलह हो गई है। किसानों की मांग प्रशासन ने मांग ली है और एलान किया है कि मृतक किसानों के परिजनों को 45-45 लाख रुपये दिए जाएंगे। घायल किसानों को दस लाख देने की घोषणा की गई है। इसके साथ ही नई कमेटी का गठन किया जाएगा जो रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में मामले की जांच करेगी। एडीजी प्रशांत कुमार ने बताया है कि दोषियों के खिलाफ केस दर्ज हो गया है, जांच जारी है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
12:38 PM, 04-OCT-2021
अमरोहा: कलेक्ट्रेट में चल रहे भाकियू के धरने में पहुंचे सपाई, किसान बोले- दूर रहें राजनीतिक पार्टियां
अखिलेश यादव की रिहाई की मांग को लेकर अमरोहा कलक्ट्रेट पहुंचे सपाइयों ने किसानों के धरने में शामिल होने की कोशिश की। तभी भाकियू नेताओं ने राजनीतिक दलों को दूर रहने की हिदायत देते हुए सपाइयों को वापस कर दिया। इसके बाद सफाई होने डीएम कार्यालय के बाहर बैठकर धरना देकर अखिलेश यादव की रिहाई की मांग की।
रविवार को लखीमपुर खीरी में केंद्रीय राज्य मंत्री के बेटे की गाड़ी से किसानों की मौत के बाद हुए भाकियू के अलावा विभिन्न राजनीतिक पार्टियों का आंदोलन उग्र रूप लेता जा रहा है। सोमवार को भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के अलावा सपा और कांग्रेस ने भी विरोध जताया। दोपहर करीब बारह बजे कलक्ट्रेट परिसर में भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट का धरना चल रहा था।
तभी एमएलसी परवेज अली के नेतृत्व में तमाम सफाई कलक्ट्रेट पहुंच गए और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की रिहाई की मांग करते हुए किसानों के धरने में शामिल होने लगे। इससे पहले सपा कार्यकर्ता किसानों के बीच बैठते, किसानों नेताओं ने स्पष्ट कह दिया कि राजनीतिक दल किसानों से दूर रहें। अगर उन्हें धरना देना है तो वह दूर बैठ जाएं।
12:23 PM, 04-OCT-2021 मृतकों के परिजनों से मिलकर रहेंगी प्रियंका- रॉबर्ट वाड्रा
रॉबर्ट वाड्रा ने कहा है कि प्रियंका गांधी कल रात में लखीमपुर खीरी के लिए निकलीं और उन्हें वहां रास्ते में बिना किसी वारंट या डॉक्यूमेंट के हिरासत में ले लिया गया, लेकिन वह हार नहीं मानेंगी। प्रियंका मृतकों के परिवारों से मिलकर ही आएंगी।
न मैं और न ही मेरा बेटा घटनास्थल पर थे: अजय मिश्र
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र ने कहा है कि न ही वो न ही उनका बेटा घटनास्थल पर मौजूद थे। मामले में जांच से सब सच सामने आ जाएगा। इस तरह की घटना से हमें फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राकेश टिकैत अराजतका फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। किसानों के बीच में कुछ उपद्रवी घुस आए जिन्होंने पूरी घटना को अंजाम दिया। अजय मिश्र ने कहा कि हमारा कार्यक्रम स्थल और घटनास्थल तीन-चार किलोमीटर दूर थे। हमारे कार्यकर्ताओं को लाठी-डंडों से पीटा गया।
12:16 PM, 04-OCT-2021 लखीमपुर खीरी: चारों शव रख किसानों ने लगाया जाम
लखीमपुर खीरी हिंसा में मारे गए चारों किसानों के शव रखकर अन्य प्रदर्शनकारी किसानों ने जाम लगा दिया है। किसानों की मांग है कि मंत्री अजय मिश्र को बर्खास्त किया जाए, मंत्री के पुत्र की गिरफ्तारी हो और सरकार मृतकों के परिजनों को दो-दो करोड़ का मुआवजा दे। निधासन में पत्रकार कश्यप का शव रखकर जाम लगाया गया है और हंगामा हो रहा है।
12:11 PM, 04-OCT-2021 आचार्य प्रमोद ने किया ट्वीट
प्रियंका गांधी का झाड़ू लगाता वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद ने भी वो वीडियो ट्वीट कर लिखा है कि, ‘गिरफ्तारी के दौरान ‘हवालात’ में झाड़ू लगाती हुई इंदिरा गांधी की पोती और ‘राक्षसों’ का वध करने वाली आदि शक्ति प्रियंका गांधी।’
12:07 PM, 04-OCT-2021 उमर अबदुल्ला ने यूपी को बताया नया जम्मू-कश्मीर
लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा के बाद तमाम विपक्षी दल उत्तर प्रदेश सरकार की आलोचना कर रहे हैं। ऐसे ही नेता हैं जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अबदुल्ला जिन्होंने ट्वीट कर उत्तर प्रदेश को नया जम्मू कश्मीर बता दिया है। उन्होंने ट्वीट किया, उत्तर प्रदेश ‘नया जम्मू-कश्मीर’ है।
11:58 AM, 04-OCT-2021 पंजाब सरकार ने यूपी सरकार को लिखा खत
पंजाब सरकार ने उत्तर प्रदेश सरकार को खत लिखकर कहा है कि मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी लखीमपुर खीरी जाना चाहते हैं। आप उनका हेलीकॉप्टर उतारने की इजाजत दें।
प्रियंका ने गेस्ट हाउस में लगाई झाड़ू
गौरतलब है कि लखीमपुर के लिए निकलीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को रास्ते में ही रोक लिया गया था। इस वक्त उन्हें जिस गेस्ट हाउस में रखा गया है, वहां वह झाड़ू लगाती नजर आईं हैं।
11:39 AM, 04-OCT-2021
लखीमपुरी खीरी हिंसा के विरोध में गाजियाबाद में जिला मुख्यालय पर सीपीआईएम के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं।
गाजियाबाद की तरफ जाने वाले रास्ते को खोला गया
यूपी गेट से गाजियाबाद की तरफ जाने वाले एनएच-9 को खोला गया। इससे लोगों का काफी राहत मिली है।
11:20 AM, 04-OCT-2021 शिवपाल यादव लखीमपुर खीरी रवाना
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव पुलिस को चकमा दे कर लखीमपुर खीरी के लिये घर से निकले। वहीं अखिलेश यादव अपने घर के बाहर धरने पर बैठे, उनके साथ रामगोपाल यादव भी मौजूद हैं। कांग्रेस के अनुसार उनके नेता प्रमोद तिवारी और सलमान खुर्शीद को भी हाउस अरेस्ट किया गया। दूसरी तरफ गौतमपल्ली में पुलिस की गाड़ी को आग के हवाले कर दिया गया। हालांकि यह किसने किया इसकी जानकारी अभी नहीं हुई है।
सुनील जाखड़ ने किया ये ट्वीट
पंजाब के कांग्रेस नेता सुनील जाखड़ ने ट्वीट किया कि जैसे तीन अक्तूबर, 1977 को इंदिरा गांधी की गिरफ्तारी जनता पार्टी की सरकार की बर्बादी साबित हुई, वैसे ही तीन अक्तूबर, 2021 को प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी भाजपा सरकार के अंत की शुरुआत है।
11:09 AM, 04-OCT-2021 पुलिस को चकमा देकर आगे बढ़े जयंत चौधरी
हापुड़ से लखीमपुर जा रहे रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी के काफिले को पुलिस ने छिजारसी टोल पर रोकने का प्रयास किया। इस दौरान उनके काफिले में शामिल कार्यकर्ताओं ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करते हुए पीछे धकेल दिया। जिसके बाद जयंत चौधरी काफिले के साथ आगे रवाना हो गए। चालाकी से झांसी टोल पर एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल रात से ही तैनात कर दिया गया था। मुरादाबाद की ओर जाने वाली सभी गाड़ियों की चेकिंग की जा रही है। गाड़ियों के नाम पते दर्ज किए जा रहे हैं।
11:00 AM, 04-OCT-2021 लखीमपुर खीरी की घटना के विरोध में बिलासपुर में किसानों ने हाईवे किया जाम
लखीमपुर खीरी की घटना के विरोध में बिलासपुर में संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़े किसानों ने हाईवे जाम कर दिया है। सूचना पर मौके पर भारी पुलिस बल के साथ पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए हैं। लखीमपुर खीरी में किसानों की मौत के बाद गुस्साए किसानों के विरोध प्रदर्शन का सिलसिला जारी है। सोमवार सुबह बिलासपुर में नवीन मंडी गेट के सामने संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़े तमाम किसान एकत्र हो गए और रामपुर-रूद्रपुर हाईवे को जाम कर दिया।
किसान मौके पर दरी बिछाकर बैठ गए हैं और नारेबाजी कर रहे हैं। सूचना पर एसडीएम बिलासपुर अशोक कुमार सिंह और सीओ बिलासपुर विद्या किशोर शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए हैं और किसानों से वार्ता कर उन्हें समझाने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं लखीमपुर में घायल हुए बिलासपुर क्षेत्र के किसान नेता तेजेंद्र सिंह विर्क को रूद्रपुर के निजी अस्पताल से दिल्ली ले जाकर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तेजेंद्र सिंह विर्क लखीमपुर में घायल हो गए थे।
10:54 AM, 04-OCT-2021 जींद में किसानों ने किया रास्ता जाम तो अमृतसर में घेरा भाजपा कार्यालय
लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा के विरोध में किसानों का प्रदर्शन विभिन्न राज्यों में जारी है। पंजाब के अमृतसर में भाजपा कार्यालय के बाहर पहुंचकर किसानों ने कार्यालय घेर लिया है। वहीं हरियाणा के जींद में किसानों ने हिसार रोड और गांव रामराये में जाम लगा दिया है।
नसीमुद्दीन सिद्दीकी पहुंचे सीतापुर, रेलवे ने रद्द की ट्रेनें
पूर्व मंत्री व कांग्रेस नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी भी सीतापुर पहुंच गए हैं। जबकि कई नेताओं को रास्ते में ही रोक लिया गया है। दूसरी तरफ लखीमपुर में बढ़ते हंगामे के बीच रेलवे ने लखीमपुर जाने वाली ट्रेनें रद्द कर दी हैं।
10:39 AM, 04-OCT-2021 हिरासत में लिए गए अखिलेश यादव
अखिलेश यादव को हिरासत में ले लिया गया है। अखिलेश यादव लखीमपुर खीरी जाने पर अड़े थे। पुलिस प्रशासन द्वारा रोके जाने पर उन्होंने अपने आवास के बाहर धरना शुरू कर दिया था।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बंद किया एनएच-9 और 24
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को लखीमपुर खीरी जाने से रोकने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-9 और 24 बंद कर दिया है। इससे दिल्ली से गाजियाबाद आने-जाने वाले कई रास्तों पर लंबा जाम लग गया है।
10:38 AM, 04-OCT-2021 पुलिस को चकमा देकर लखीमपुर के लिए निकले हाउस अरेस्ट किए गए शिवपाल
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव को लखनऊ स्थित उनके आवास पर हाउस अरेस्ट कर दिया गया था पर वह सुबह पुलिस को चकमा देकर लखीमपुर खीरी के लिए रवाना हो गए। वहीं, उन्होंने प्रदेश के सभी जिला अध्यक्षों से जिला मुख्यालय पर धरना देने और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने का निर्देश दिया है।
10:36 AM, 04-OCT-2021 हापुड़ में जयंत को न रोक पाई पुलिस
लखीमपुर जा रहे रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी के काफिले को पुलिस ने हापुड़ के छिजारसी टोल पर रोकने का प्रयास किया। इस दौरान उनके काफिले में शामिल कार्यकर्ताओं ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करते हुए पीछे धकेल दिया। इसी बीच जयंत चौधरी काफिले के साथ आगे रवाना हो गए। इसके बाद जयंत चौधरी ब्रजघाट स्थित टोल पर पहुंचे यहां भी उन्होंने पुलिस को चकमा दिया और आगे बढ़ गए।
10:34 AM, 04-OCT-2021 राहुल गांधी ने बहन को हिरासत में लेने पर कहा- प्रियंका मैं जानता हूं तुम पीछे नहीं हटोगी
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर में रविवार को हुई हिंसक झड़प में चार किसान समेत कुल आठ लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद से ही सभी विपक्षी पार्टियों के नेता कल रात से लखीमपुर खीरी पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि अभी तक कोई कामयाब नहीं हो सका। इन्हीं में से एक हैं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी जिन्हें आज सुबह करीब 4.00 बजे हरगांव में रोकने के बाद हिरासत में ले लिया।
प्रियंका को हिरासत में लिए जाने के बाद राहुल गांधी ने ट्वीट कर अपनी बहन का मनोबल बढ़ाते हुए कहा है कि वह जानते हैं कि प्रियंका पीछे नहीं हटेंगी। राहुल ने ट्वीट किया है, प्रियंका, मैं जानता हूं तुम पीछे नहीं हटोगी- तुम्हारी हिम्मत से वे डर गए हैं। न्याय की इस अहिंसक लड़ाई में हम देश के अन्नदाता को जिता कर रहेंगे।
10:34 AM, 04-OCT-2021 लखनऊ में पुलिस की गाड़ी आग के हवाले
लखनऊ के गौतमपल्ली में अराजकतत्वों ने पुलिस की गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। आनन-फानन आग पर काबू पाने की कोशिश की गई।
10:24 AM, 04-OCT-2021 सलमान खुर्शीद और प्रमोद तिवारी भी नजरबंद
वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं का दावा है कि सलमान खुर्शीद और प्रमोद तिवारी को भी नजरबंद किया गया है।
09:45 AM, 04-OCT-2021 भाजपा सांसद वरुण गांधी ने सीएम से लिख आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराने की मांग की
लखीमपुर खीरी में रविवार को हुए बवाल के बाद पीलीभीत से भाजपा सांसद वरुण गांधी ने दुख जताया है और मुख्यमंत्री से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि लखीमपुर खीरी की हृदय-विदारक घटना में शहीद हुए किसानों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। इस प्रकरण में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री जी से सख्त कार्रवाई करने का निवेदन करता हूं। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजा अपना पत्र भी पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि ‘तीन अक्तूबर को लखीमपुर खीरी में किसानों को कुचलने की निर्दयतापूर्वक घटना से सारे देश में पीड़ा और रोष है। हमारे अन्नदाताओं की जिस तरह कुचलकर हत्या की गई, वह सभ्य समाज में अक्षम्य है।
09:40 AM, 04-OCT-2021 शिवपाल भी नजरबंद
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव की नजर बंद कर दिए गए हैं। उन्होंने सभी जिला अध्यक्षों से जिला मुख्यालय पर धरना देने और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने का निर्देश दिया है।
09:37 AM, 04-OCT-2021 लखीमपुर हिंसा केस: केंद्रीय गृहराज्य मंत्री के बेटे आशीष मिश्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में रविवार को हुई हिंसा के बाद केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है। आशीष मिश्र के खिलाफ हत्या और गैर इरादतन हत्या की धारा में मामला दर्ज किया गया है। मामले में आईजी रेंज लक्ष्मी सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद आशीष मिश्र मोनू और 15-20 अज्ञात के खिलाफ दफा 147, 148, 149, 302, 130 बी, 304 ए के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
09:34 AM, 04-OCT-2021 प्रियंका गांधी को रिहा करने को लेकर पुलिस से जुड़े कांग्रेस कार्यकर्ता, धक्का-मुक्की
लखीमपुर में हुई हिंसा की घटना में जा रही कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी को हरगांव इलाके से पकड़े जाने के बाद पीएसी की सेकेंड वाहिनी में लाकर रखा गया है। इसकी सूचना पाकर मौके पर पहुंचे कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पहले गेट के बाहर धरने पर बैठ कर प्रदर्शन किया। काफी देर तक धरने पर बैठे रहने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अब हंगामा और प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
कार्यकर्ताओं ने जिस जगह पर प्रियंका गांधी को रखा गया है। आरोप है कि उसके बाहर लगे गेट को तोड़ने का प्रयास किया। बताते हैं कि पुलिस ने इसको लेकर विरोध जताया। इसी को लेकर तूल पकड़ गया। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रियंका गांधी को रिहा करने को लेकर पुलिस से भिड़ गए। धक्का-मुक्की की। कार्यकर्ता पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। फिलहाल मामले को शांत करने का प्रयास किया जा रहा है।
09:31 AM, 04-OCT-2021 मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ व पंजाब के उपमुख्यमंत्री रंधावा को लखनऊ हवाईअड्डे पर आने की अनुमति नहीं
यूपी के अतिरिक्त मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने लखनऊ एयरपोर्ट से छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल और पंजाब के डिप्टी सीएम सुखजिंदर एस रंधावा को एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति नहीं देने को कहा है। बघेल और रंधावा ने आज लखीमपुर खीरी जाने की घोषणा की है, जहां संघर्ष में 8 लोगों की मौत हो गई है।
09:28 AM, 04-OCT-2021 भारतीय किसान यूनियन करेगी गाजियाबाद कलेक्ट्रेट का घेराव
लखीमपुर की घटना को लेकर आक्रोशित भारतीय किसान यूनियन सुबह करीब 10:30 बजे गाजियाबाद कलेक्ट्रेट का घेराव करेगी। यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष राजवीर सिंह ने बताया कि अलग-अलग जगह से किसान कलेक्ट्रेट पर पहुंचेंगे इसके बाद अग्रिम आदेश तक किसान कलेक्ट्रेट पर ही डटे रहेंगे।
09:26 AM, 04-OCT-2021 गौतम बुद्ध नगर में कलेक्ट्रेट घेरेगी भारतीय किसान यूनियन
संयुक्त किसान मोर्चा के आवाहन पर लखीमपुर खीरी में धरना प्रदर्शन कर रहे किसानों की हत्या भाजपा के मंत्री द्वारा किए जाने को लेकर जनपद गौतम बुद्ध नगर में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संदेश है कि आज सुबह 10:00 बजे जिलाधिकारी कार्यालय कलेक्ट्रेट सूरजपुर गौतम बुद्ध नगर पर ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाएं।-अनित कसाना, भाकियू, गौतम बुद्ध नगर
09:17 AM, 04-OCT-2021 किसान और प्रशासन के बीच बैठक शुरू
लखीमपुर खीरी में रविवार को हुए बवाल के बाद भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत लखीमपुर खीरी पहुंच गए हैं। इसके साथ ही किसान नेताओं और प्रशासन के बीच सोमवार को बैठक शुरू हो गई है। बैठक में राकेश टिकैत समेत 12 लोग मौजूद हैं। सूत्रों के अनुसार, किसान नेताओं ने प्रशासन के सामने चार मांगें रखी हैं।
इस बैठक में लखीमपुर खीरी के जिला अधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) भी शामिल हैं। किसानों ने बैठक में प्रशासन के सामने चार बड़ी मांगें रखी हैं। इनमें पहली मांग केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र को बर्खास्त किए जाने की मांग है। इसके अलावा दूसरी मांग अजय मिश्र के बेटे और मुख्य आरोपी आशीष मिश्र को गिरफ्तार करने की भी मांग है। किसान नेताओं ने प्रशासन से तीसरी मांग के रूप में मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने और मृतकों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। फिलहाल बातचीत जारी है।
09:05 AM, 04-OCT-2021 लखीमपुर जा रहे भीम आर्मी चीफ चन्द्र शेखर आजाद टोल प्लाजा से गिरफ्तार
लखीमपुर में हुई घटना के बाद मचे बवाल के बीच अब राजनीति गरमा गई है। जहां एक ओर विपक्षी दल लखीमपुर जाकर माहौल को गर्माने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि सरकार और उनकी मशीनरी विपक्षी दलों की मंशा को नाकाम करने की कोशिश में लगी हुई है। इसी कड़ी में लखीमपुर जा रहे भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद को पुलिस ने सीतापुर के खैराबाद टोल प्लाजा पर रोक लिया। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर सीतापुर की पुलिस लाइंस में बैठाया गया है।
08:53 AM, 04-OCT-2021 लखीमपुर जा रहे संजय सिंह भी रोके गए
लखीमपुर जा रहे आम आदमी पार्टी की कोर कमेटी के सदस्य व राज्यसभा सांसद संजय सिंह को भी सीतापुर में पुलिस-प्रशासन ने हिरासत में ले लिया है। उन्हें लखीमपुर नहीं जाने दिया गया हिरासत में लेने के बाद संजय सिंह को पुलिस लाइन में रखा गया है। इसके अलावा एसपी आरपी सिंह ने अटरिया से लेकर लखीमपुर के बॉर्डर पर पड़ने वाले लहरपुर कोतवाली पुलिस को अलर्ट कर दिया है। किसी भी विपक्षी दल को भी लखीमपुर जाने के लिए इजाजत नहीं दी गई है।
08:47 AM, 04-OCT-2021 अखिलेश यादव लखनऊ में नजरबंद
उत्तर प्रदेश पुलिस ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को लखनऊ में नजरबंद कर दिया है। अखिलेश यादव के आवास पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आपको बता दें कि अखिलेश यादव ने रविवार को घटना के बाद एलान किया था कि वह सोमवार को लखीमपुर खीरी जाएंगे। अखिलेश यादव ने सभी वरिष्ठ नेताओं को सुबह पार्टी कार्यालय बुलाया था। लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने अखिलेश यादव को हाउस अरेस्ट कर लिया।
08:40 AM, 04-OCT-2021 लखीमपुर खीरी में हुई घटना अत्यंत दुःखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण-सीएम
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि लखीमपुर खीरी में हुई घटना अत्यंत दुःखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। मौके पर शासन द्वारा अपर मुख्य सचिव नियुक्ति, कार्मिक एवं कृषि, ए.डी.जी. कानून-व्यवस्था, आयुक्त लखनऊ तथा आई.जी. लखनऊ मौजूद हैं तथा स्थिति को नियंत्रण में रखते हुए घटना के कारणों की गहराई से जांच कर रहे हैं। घटना में लिप्त जो भी जिम्मेदार होगा, सरकार उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। क्षेत्र के सभी लोगों से अपील है कि वे किसी के बहकावे में न आएं व मौके पर शान्ति-व्यवस्था कायम रखने में अपना योगदान दें। किसी प्रकार के निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले मौके पर हो रही जांच तथा कार्रवाई का इन्तजार करें।
08:27 AM, 04-OCT-2021 प्रियंका गांधी को सीतापुर के हरगांव में पुलिस ने हिरासत में लिया
लखीमपुर खीरी में हुई घटना के बाद लखनऊ से निकलकर मौके पर जाने के लिए लुका-छुपी का खेल खेल रहीं प्रियंका गांधी के मंसूबों को पुलिस-प्रशासन ने नाकाम कर दिया। वह लखनऊ के रास्ते सिधौली तक पहुंची। इसके बाद पुलिस-प्रशासन को चकमा देकर दूसरे रास्तों की जरिए होते हुए निकल गईं, जबकि कमलापुर से लेकर लहरपुर तक जगह-जगह पर पुलिस ने जबरदस्त नाकेबंदी कर रखी थी।
टोल प्लाजा पर खुद डीएम विशाल भरद्वाज और एसपी आरपी सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद थे, लेकिन आगे रोके जाने के डर से प्रियंका गांधी रूट बदलकर दूसरे रास्ते पर चल दीं। इसकी जानकारी मिलते ही सीतापुर पुलिस-प्रशासन के भी होश उड़ गए। वह उनकी लोकेशन को पता लगाने में जुट गए, लेकिन रात का समय होने की वजह से पुलिस को काफी परेशानी भी हुई।
आखिरकार सुबह करीब 4 बजे प्रियंका गांधी को हरगांव कस्बे में मौजूद सीओ सिटी पीयूष सिंह ने महिला पुलिस की मदद से रोक लिया। रोके जाने के दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सीओ सिटी को खूब खरी-खरी भी सुनाई। हालांकि काफी मशक्कत के बाद प्रियंका गांधी को हरगांव से लाकर पीएसी की द्वितीय वाहिनी पीएससी में रखा गया है।
प्रियंका गांधी के साथ दूसरी गाड़ी से जा रहे कांग्रेश के प्रदेश अध्यक्ष लल्लू को भी पुलिस ने रोक लिया है। प्रियंका गांधी के साथ हरियाणा के राज सभा सांसद भी थे। पुलिस-प्रशासन ने उन्हें भी रोक लिया है। सभी को पीएसी की वाहिनी में रखा गया है।
वहीं, इसकी सूचना मिलने के बाद कांग्रेस के कार्यकर्ता पीएसी पहुंच गए और जहां पर कांग्रेस महासचिव समेत अन्य कांग्रेस के नेताओं को रखा गया है। उसके बाहर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने धरने पर बैठ कर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। नारेबाजी कर रहे कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का कहना है कि पुलिस प्रशासन तानाशाही कर रहा है।
08:16 AM, 04-OCT-2021 लखीमपुर बवाल: यूपी सरकार का एलान- मृतकों के परिजनों को 45-45 लाख और नौकरी, हिंसा की होगी न्यायिक जांच
कृषि कानूनों और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी की टिप्पणी का विरोध कर रहे किसानों और मंत्री के बेटे के बीच रविवार को हिंसक टकराव में आठ लोगों की मौत के बाद उत्तर प्रदेश में बवाल मचा हुआ है। सियासी उबाल के बीच कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी लखीमपुर के लिए रात में निकली लेकिन उन्हें सीतापुर के हरगांव में पुलिस ने हिरासत में ले लिया। अखिलेश यादव को भी लखनऊ में हाउस अरेस्ट कर लिया गया है।