
पालमपुर- बर्फू
पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कहा कि एक तरफ आजादी का अमृत महोत्सव और दूसरी तरफ बेटियों के साथ बलात्कार और भयंकर भ्रष्टाचार के समाचार। बीएसएफ के कुछ जवान आतंकवादियों को लाखों रुपए के शस्त्र देते रहे। कैट परीक्षा का पेपर लीक हो गया-लाखों छात्र परेशानी में। प्रतिदिन ऐसे समाचारों से मन परेशान होता है और फिर न अमृत दिखता है, न उत्सव दिखता है।
उन्होंने कहा कि भगत सिंह जैसे लाखों शहीदों ने कुर्बानियां देकर जो आजादी दिलवाई, उसे ये भ्रष्टाचारी लूटने की कोशिश कर रहे हैं। मेरी तरह करोड़ों लोग ऐसे समाचार पढ़ कर बहुत परेशान होते हैं। शांता कुमार ने कहा कि बढ़ते भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा कारण यह है कि भ्रष्टाचारी पकड़े ही बहुत कम जाते हैं, ईमानदारी से जांच नहीं होती। सजा तो बहुत कम को मिलती है।
उन्होंने कहा कि इन भ्रष्टाचारियों से कहना चाहूंगा कि वे भगत सिंह जैसे शहीदों का अपमान कर रहे हैं। लूट लें जितना लूटना है परंतु याद रखें कफन में जेब नहीं होती और उन्हें कई जन्मों तक नरक में भी जगह नहीं मिलेगी। शांता कुमार ने सरकार से एक ही मांग की है कि बेटियों से बलात्कार और भयंकर भ्रष्टाचार के अपराधों के लिए विशेष नई अदालतें बनें, समय सीमा में निर्णय हों और फांसी और केवल फांसी की सजा हो। देश के इस बढ़ते महारोग को यदि रोका नहीं गया तो भविष्य अंधकारमय होगा।
