हिमखबर डेस्क
मुबारिकपुर-रानीताल नैशनल हाईवे पर मानगढ़ के पास उस समय एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब यहां एक तीखे मोड़ पर गैस सिलैंडरों से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
गनीमत यह रही कि ट्रक में लदे 339 गैस सिलैंडरों में कोई रिसाव या विस्फोट नहीं हुआ, अन्यथा यह एक बड़ी घटना में बदल सकता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार रात करीब 10 बजे हुआ। ट्रक चालक प्रभु मेहता ने बताया कि वह गैस सिलैंडरों से लदे ट्रक को लेकर जालंधर से पालमपुर की ओर जा रहा था।
मानगढ़ के पास तीखे मोड़ पर पहुंचते ही सामने से एक गाड़ी, जो दूसरी गाड़ी को ओवरटेक करते हुए गलत दिशा में आ गई, उसे बचाने के चक्कर में ट्रक चालक ने वाहन को साइड में मोड़ा। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से ट्रक सड़क पर पलट गया।
ट्रक चालक ने बताया कि हादसे के बाद वह बड़ी मुश्किल से ट्रक से बाहर निकल पाया। घटना की आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे।
उन्होंने घायल चालक को एम्बुलैंस की मदद से सिविल अस्पताल देहरा पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। चालक को हल्की चोटें आई हैं और उसकी हालत खतरे से बाहर है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक मानगढ़ का यह तीखा मोड़ हादसों का कारण बना हुआ है। यहां पहले भी कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं।
लोगों का कहना है कि अगर सिलैंडरों में आग लग जाती, तो जानमाल का भारी नुक्सान हो सकता था। समय रहते स्थिति संभल जाने से एक बड़ी अनहोनी टल गई।

