
मंडी – नरेश कुमार
मंडी में कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बड़ा ऐलान किया है। हिमाचल सरकार की हिमकेयर कार्ड योजना में पंजीकरण के लिए अब तीन साल के एक हजार रुपये ही लगेंगे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस संबंध में आदेश दे दिया है। पहले कार्ड के तीन साल के लिए तीन हजार रुपये लिए जा रहे थे। सरकार ने इस बजट सत्र के दौरान यह घोषणा की थी कि अब एक साल की बजाय तीन साल के लिए हिम केयर योजना में पंजीकरण हो सकेगा।
हिम केयर कार्ड योजना के तहत हिमाचल सरकार कार्ड धारक परिवार का पांच लाख रुपये तक मुफ्त उपचार करवाती है। इस योजना में पंजीकरण की अवधि भी अब पूरे साल के लिए कर दी गई है, जबकि पहले जनवरी से मार्च तक ही पंजीकरण किया जाता था।
यह कार्ड बनवा लेने पर कार्ड धारक परिवार पांच लाख तक मुफ्त इलाज करवा सकता है। इसके लिए सरकार ने सरकारी सहित निजी अस्पताल भी पंजीकृत किए हैं। प्रदेश सरकार की ओर से दोपहर बाद इस संबंध में अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी में आम आदमी पार्टी की रैली से एक दिन पूर्व यह बड़ा ऐलान कर बड़ा दांव खेला है। आम आदमी पार्टी के संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान कल यानी बुधवार को मंडी में रोड शो करेंगे।
इस रोड शो के साथ ही आम आदमी पार्टी हिमाचल प्रदेश में अपना चुनावी शखनाद करने जा रही है। लेकिन इससे ठीक एक दिन पहले मुख्यमंत्री आम जनता से जुड़े मामले में बड़ी राहत वाला फैसला लिया है।
