
भाम्बला- नरेश कुमार
मंडी लोकसभा उपचुनाव के लिए सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र से तैनात महिला मतदान कर्मियों के लिए ईवीएम प्रयोग के व्यवहारिक प्रशिक्षण का एक दिवसीय विशेष सत्र आज लगाया गया। इस सत्र में सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र से संबंध रखने वाली 22 महिला मतदान कर्मियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सरकाघाट राहुल जैन ने बताया कि लोकसभा उपचुनाव के दृष्टिगत तैनात महिला मतदान कर्मियों के लिए ईवीएम के प्रयोग का व्यवहारिक प्रशिक्षण सत्र स्थानीय राजकीय महाविघालय परिसर में पूरा हुआ। इस दौरान महिला मतदान कर्मियों को तमाम मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
सहायक निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित महिला अधिकारियों को निष्पक्ष व सुचारू रूप से निर्वाचन कार्य संपन्न करवाने के लिए अपने उत्तरदायित्व को गंभीरता से निभाने तथा चुनाव आयोग के दिशा निर्देशों का पालन करने को कहा।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार हेमराज, निर्वाचन कानूनगो सरकाघाट लेखराज, महाजन राव, गुलशन कुमार व दीप कुमार उपस्थित रहे|
