
शिमला – जसपाल ठाकुर
हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार सुबह 10.50 बजे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में शुरू हुई। मंत्रिमंडल की बैठक में विभिन्न विभागों में रिक्त पड़े पदों को भरने की मंजूरी प्रदान की गई है।
इसके अलावा हिमाचल सरकार ने ड्रोन पालिसी को मंजूरी प्रदान की। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में इस पर मुहर लगाई।
इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में 12 पटवार सर्कल खोले जाएंगे।
पशु पालन विभाग के तहत सुंदरनगर में पशु डिस्पेंसरी खुलेगी। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग और शिक्षा विभाग में क्रियाशील पद भरने को मंजूरी प्रदान की गई है।
मंत्रिमंडल की बैठक में माइनिंग इंस्पेक्टर के 12 पद, असिस्टेंट माइनिंग इंस्पेक्टर के 24 और माइनिंग गार्ड के 24 पद भरने को मंजूरी प्रदान की है। सिरमौर जिला के नोहराधार कालेज में 16 पद भरने को मंजूरी प्रदान की गई है।
औद्योगिक कामगारों के लिए चार कोड होंगे
हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक कामगार अब 75 घंटों के बजाय 125 घंटे तक ओवरटाइम कर सकेंगे। यह ओवरटाइम की सुविधा 3 महीने के दौरान प्राप्त होगी। प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में सरकार ने आज 35 कोड को क्लब करके चार कोड बनाए हैं।
ये बनेंगे पटवार सर्कल
बैठक में सिरमौर जिला की नाहन तहसील में त्रिलोकपुर, मोगीनन्द और बरमापापड़ी पटवार वृत्तों का पुनर्गठन कर पांच नए पटवार वृत्त पालियों, अम्बवारा सैनवाला, कालाअम्ब, देवनी और नागल सुकेती के सृजन को स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में कांगड़ा जिला की उप-तहसील रे के हटली और मलहान्टा के मौजूदा पटवार वृतों का पुनर्गठन कर नया पटवार वृत्त नंगल बनाने के अतिरिक्त पटवार वृत्त मलहान्टा में पटवार वृत्त अग्हार के दो मुहाल शामिल करने को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
बाबा बड़ोह में बनेगा बस अड्डा
बैठक में बस अड्डा बाबा बड़ोह के निर्माण के लिए कांगड़ा जिला की बड़ोह तहसील के मौजा दनोआ में 00-46-08 हेक्टेयर वन भूमि हिमाचल प्रदेश सड़क परिवहन निगम के पक्ष में 99 वर्ष की लीज आधार पर देने का निर्णय लिया गया।
खुलेंगे अग्निशमन केंद्र
मंत्रिमंडल ने मंडी जिला के निहरी और कुल्लू जिला के जरी स्थित धौंकड़ा में नई अग्निशमन चौकियां खोलने तथा लाहुल-स्पीति जिला के उदयपुर और चम्बा जिला के किलाड़ में दो नए उप अग्निशमन केंद्र खोलने का निर्णय लिया।
मंत्रिमंडल ने शिमला जिला के चौपाल, सिरमौर जिला के शिलाई और लाहौल-स्पीति जिला के केलांग स्थित तीन अग्निशमन चौकियों को स्तरोन्नत कर उप अग्निशमन केंद्र बनाने तथा विभिन्न श्रेणियों के 129 पद सृजित कर भरने सहित इन केन्द्रों के प्रभावी प्रबन्धन के लिए 16 वाहनों को भी स्वीकृति प्रदान की।
यह स्कूल किए स्तरोन्नत
बैठक में कांगड़ा जिला के फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में राजकीय उच्च पाठशाला बरोट को स्तरोन्नत कर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला करने,
मंडी जिला के द्रंग क्षेत्र में स्थित राजकीय माध्यमिक पाठशाला सकरयार,
सरकाघाट क्षेत्र की राजकीय माध्यमिक पाठशाला कलखर
और सिरमौर जिला के पच्छाद क्षेत्र में स्थित राजकीय माध्यमिक पाठशाला मण्डी खड़ाना को राजकीय उच्च पाठशालाओं में स्तरोन्नत करने
तथा सिरमौर जिला के पच्छाद क्षेत्र की राजकीय प्राथमिक पाठशाला धड़ीक डिंगरी को राजकीय माध्यमिक पाठशाला में स्तरोन्नत करने
तथा विभिन्न श्रेणियों के 20 पदों को सृजित कर भरने को भी स्वीकृति प्रदान की।
मंत्रिमण्डल ने मंडी जिला के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों पलाहीधार और घैणीध को राजकीय उच्च विद्यालयों में स्तरोन्नत करने और मंडी जिला के राजकीय प्राथमिक विद्यालय काण्ढी को राजकीय माध्यमिक विद्यालय में स्तरोन्नत करने और इन विद्यालयों में 11 पदों को सृजित कर भरने को स्वीकृति प्रदान की।
रेलवे पुलिस चौकी खुलेगी
मंत्रिमण्डल ने कानून-व्यवस्था सम्बन्धी मामलों के त्वरित निपटान के लिए रेलवे पुलिस स्टेशन शिमला के अंतर्गत सोलन जिले के टकसाल में राजकीय रेलवे पुलिस की सीमा चौकी परवाणू को फिर से खोलने का भी निर्णय लिया।
कांगड़ा जिला को सौगात
मंत्रिमण्डल ने कांगड़ा जिला में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चड़ी को स्तरोन्नत कर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बनाने का भी निर्णय लिया।
मंत्रिमण्डल की बैठक में लोगों की सुविधा के लिए कांगड़ा जिला में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नगरोटा सूरियां की बिस्तर क्षमता 6 से बढ़ाकर 50 बिस्तर कर स्तरोन्नत करने और इसके सुचारू संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के 27 पद सृजित कर भरने का भी निर्णय लिया।
मंत्रिमण्डल ने सोलन जिले के दाड़लाघाट में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खोलने व इसके सुचारू संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के 8 पदों को भरने का भी निर्णय लिया।
मंडी जिला को सौगात
मंत्रिमण्डल ने मण्डी जिला की नगर परिषद सुन्दरनगर के बाड़ी में नया पशु औषधालय स्थापित करने और यहां विभिन्न श्रेणियों के दो पदों को सृजित कर भरने की भी स्वीकृति प्रदान की।
बैठक में मंडी जिला की बालीचौकी तहसील के अन्तर्गत पशु औषधालय थाची को पशु अस्पताल में स्तरोन्नत कर विभिन्न श्रेणियों के तीन पदों के सृजन व भरने को स्वीकृति प्रदान की गई।
मंत्रिमण्डल ने मंडी जिला की थुनाग तहसील के शिकावरी और कांडी पटवार वृत्त को पुनर्गठित कर नए पटवार वृत्त मुरहाग को सृजित करने की स्वीकृति प्रदान की।
मंत्रिमण्डल ने मंडी जिला के धर्मपुर स्थित जल शक्ति विभाग में अधीक्षण अभियंता, यांत्रिकी का एक पद सृजित करने को स्वीकृति प्रदान की।
