
मंडी- नरेश कुमार
बल्ह में क्रिप्टोकरेंसी धोखाधड़ी मामले में पुलिस ने चंडीगढ़ से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इसके खाते में ही लोगों ने पैसे जमा करवाए थे। आरोपित की पहचान अशविंद्र कुमार निवासी मकान नंबर-152 ब्लाक एन, एसएएस नगर मोहाली के रूप में हुई है।
मामले में दो आरोपित अभी फरार हैं। नागचला निवासी मनोज कुमार ने बल्ह थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी कि अगस्त 2020 में पवन संख्यान और सुशील जरियाल के पास क्रिप्टोकरेंसी की ओनिक्स ट्रेडिंग कंपनी ओएफएस ट्रेडिंग डाट काम में पैसा लगाया था। इसमें अपने साथ उसने अन्य लोगों के पैसे भी लगाए, जिनकी रकम अब करोड़ों में पहुंची है।
पवन और सुशील समेत वीरेंद्र प्रदीप सिंह जो इनका हेड है, ने पैसे नहीं दिए। पुलिस ने मामला दर्ज होने के बाद जब छानबीन की तो अधिकतर लोगों को अशविंद्र का बैंक अकाउंट दिया गया था। बैंक खाते के नंबर के आधार पर पुलिस ने अशविंद्र को गिरफ्तार कर लिया और जब उसके खाते की जांच हुई तो 11 लाख रुपये उसमें मिले। वहीं अब अशविंद्र के जरिए पुलिस इस धोखाधड़ी में शामिल अन्य आरोपितों तक पहुंचेगी।
एएसपी विवेक चैहल ने बताया कि धोखाधड़ी मामले में चंडीगढ़ के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
