
चम्बा- भूषण गुरुंग
बनेट पंचायत के गांव कुंडे दा खेतर निवासी बुजुर्ग को भालू ने हमला कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। करीब खत्म होते ही शुरू कर दिया है तथा 75 वर्षीय जगतो राम जब अपने खेतों में मौजूद थे तो अचानक जंगल से आए भालू ने उन पर हमला कर दिया। इससे वह बुरी तरह घायल हो गए। बुजुर्ग व्यक्ति की आंख पर गहरी चोट आई हैं।
चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों के शोर मचाने पर भालू भाग गया। भालू ने बुजुर्ग व्यक्ति की आंख बाहर निकाल दी तथा उसका कंधा भी फ्रैक्चर हो गया। इसके बाद लोगों ने जख्मी व्यक्ति को सिविल अस्पताल चुवाड़ी पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मैडीकल कालेज टांडा रैफर कर दिया गया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद विधायक विक्रम जरियाल ने बुजुर्ग का कुशलक्षेम पूछा तथा उसे 5000 रुपए की मदद अपनी तरफ से दी। विधायक ने बताया कि मैडीकल कालेज टांडा के एम.एस. को फोन कर उसका जल्द तथा निःशुल्क उपचार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि उपचार में पूरी तरह मदद मुहैया करवाई जाएगी तथा हरसंभव मदद की जाएगी।
