ऊना – अमित शर्मा
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर से सवाल करते हुए कहा कि आखिर 14 महीने में ऐसी भी क्या बेचैनी हो गई कि प्रदेश की चुनी हुई सरकार को गिराने का प्रयास किया गया। शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा ने इस षड्यंत्र को रचा और जयराम ठाकुर का इसमें पूरी तरह महत्वपूर्ण किरदार रहा।
उन्होंने कहा कि जिन 6 विधायकों ने सरकार के खिलाफ जाकर काम किया, उन्हें अब उपचुनाव में भाजपा द्वारा टिकट देना यह साबित करता है कि यह पूरे का पूरा प्रकरण भाजपा का रचा हुआ था। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार के काम का आकलन करने के लिए 14 महीने का समय बेहद कम है।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि एक राज्यसभा सीट जीतने के चक्कर में 9 विधायकों का करियर भाजपा ने बर्बाद कर दिया। 6 विधायक उपचुनाव में अपनी जगह पाने के लिए जूझ रहे हैं जबकि 3 पाइपलाइन में हैं। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर की सत्ता के प्रति काफी लालसा रही है और यह पूरा प्रकरण उसी का नतीजा है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जो कुछ भी घटनाक्रम हुआ है वह देवभूमि की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला है ऐसा कांग्रेस नहीं अपितु जनता भी बोल रही है। उन्होंने कहा कि 6 विधानसभा सीटें जीतना बीजेपी के लिए नामुमकिन है क्योंकि जनता भाजपा से पूरी तरह नाराज हो चुकी है।

