
बिलासपुर- सुभाष चंदेल
घुमारवीं थाना के तहत आने वाले घुमारवीं-सरकाघाट हाईवे पर हारकुकार क्षेत्र में रविवार रात को बाइक हादसे एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए।
रविवार रात करीब 10 बजे हारकुकार गांव के तीन युवक बुलेट बाइक पर दकड़ी चौक से सिल्ह गांव की ओर जा रहे थे। अचानक हारकुकार के समीप बुलेट स्किड हो गई, जिसमें तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिन्होंने युवकों को अस्पताल पहुंचाया।
यहां पर गंभीर रूप से घायल हारकुकार के 32 वर्षीय राकेश कुमार ने दम तोड़ दिया। इसके अलावा एक अन्य युवक को मेडिकल कालेज हमीरपुर रेफर किया गया। तीसरे युवक को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। हादसे में मारे गए युवक की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।
डीएसपी घुमारवीं अनिल ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि रविवार रात के करीब 10 बजे बाइक स्किड होने का हादसा पेश आया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई जबकि दो अन्य युवक घायल हैं। मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
