
हमीरपुर- अनिल कपलेश
तकनीकी खराबी की वजह से हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें आए दिन बीच रास्ते खड़ी हो रही हैं। हमीरपुर से दिल्ली रूट पर रवाना एचआरटीसी बस का इंजन कांगू कस्बे में, जबकि जालंधर से हमीरपुर आ रही लांग रूट की बस का गियर जोलसप्पड़ में खराब हो गया। इस वजह से इन दोनों बसों में रात को सफर करने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
एचआरटीसी की हमीरपुर डिपो की बस मंगलवार शाम को हमीरपुर से दिल्ली वाया कांगू धनेटा रूट पर रवाना हुई थी। महज 20 किलोमीटर का सफर तय करते ही कांगू कस्बे के पास अचानक तकनीकी खराबी आने से यह बस बीच सड़क में खड़ी हो गई। इस बस में सफर करने वाले यात्रियों का रात के समय मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों में अनिल राणा, मिलाप चंद, सुखलाल आदि ने बताया कि बस के खराब होने पर सवारियों को काफी देर तक दूसरी बस का इंतजार करना पड़ा। जबकि, जालंधर से हमीरपुर आ रही बस रात आठ बजे जोलसप्पड़ में खराब हो गई। यात्रियों को पीछे से आ रही एक निजी बस में हमीरपुर भेजा गया।
लोगों का कहना है कि एक ओर तो सरकार महिलाओं को एचआरटीसी की बसों में 50 फीसदी किराया माफ करने की बात कर रही है, दूसरी ओर एचआरटीसी की बसों की वर्तमान स्थिति बड़ी ही खस्ता है। एचआरटीसी में बरसों पुरानी खटारा बसों को मजबूरन दौड़ना पड़ रहा है।
इस बारे में एचआरटीसी के उपमंडलीय प्रबंधक विवेक लखनपाल ने बताया कि हमीरपुर से दिल्ली वाया कांगू धनेटा जाने वाली बस रात को खराब हुई थी। निगम की ओर से कांगू में रात्रि ठहराव के लिए रुकने वाली बस के माध्यम से सवारियों को ऊना बस स्टैंड तक भेजने की व्यवस्था की गई थी।
उसके आगे चंडीगढ़ से हमीरपुर वाया ऊना एचआरटीसी की ही हमीरपुर डिपो की बस नियमित तौर पर चलती है। ऊना से आगे दिल्ली के लिए उसी बस में जाने की सवारियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करके सुविधा मुहैया करवा दी गई थी।
