
सुंदरनगर, 12 जुलाई – नरेश कुमार
जनपद के सुंदरनगर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। बंदली धार में एक गौशाला के ढह जाने के कारण अंदर बंधी 15 बकरियां व 3 गायों की दबकर मौत हो गई है।
जानकारी के अनुसार रात को तेज बारिश के चलते क्षेत्र के बंदलीधार के नेरड गांव में देवेंद्र कुमार ,पुत्र देवी शरण की गौशाला ढह गई।
गौशाला के साथ बहने वाले नाले में पानी का तेज बहाव होने के कारण गौशाला के साथ लगा डंगा इसकी चपेट में आ गया। जिससे गौशाला ढह गई और गौशाला में बंधी 15 बकरियां व तीन गायों की मौत हो गई।
हालांकि ग्रामीणों ने मिलकर उन्हें बचाने का प्रयास किया परंतु सफल नहीं हो पाए। इसके उपरांत किसी तरह उन्हें मृत अवस्था में मलबे से निकाला गया।
एसडीएम धर्मेश रामोत्रा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मौके पर संबंधित अधिकारियों को नुकसान का आकलन व आगामी कार्रवाई के लिए भेजा गया है।
