शाहपुर – नितिश पठानियां
ग्राम पंचायत बागडू की पहली ग्राम सभा पंचायत प्रधान मीना कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में उपप्रधान अनिल कुमार, सभी वार्ड पंच, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्राम सभा में जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। गांव में बधाई लेने आने वाले किन्नरों के लिए स्वैच्छिक शगुन राशि ₹2100 निर्धारित की गई, ताकि लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पंचायत क्षेत्र में आने वाले प्रवासी फेरीवालों और अन्य बाहरी व्यक्तियों का पुलिस पंजीकरण तथा किराये पर रहने वाले बाहरी राज्यों के लोगों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य करवाने का निर्णय लिया गया।
ग्राम सभा में नशे के खिलाफ सख्त संदेश देते हुए प्रधान ने कहा कि चिट्टा, मादक पदार्थों, शराब तस्करी या अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों को पंचायत स्तर पर मिलने वाली सरकारी योजनाओं में प्राथमिकता नहीं दी जाएगी।
वहीं, आईआरडीपी सहित सभी सरकारी योजनाओं का लाभ केवल पात्र लाभार्थियों को नियमों के अनुसार पारदर्शी तरीके से देने की बात कही गई।
बैठक में ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, स्वच्छता और अन्य विकास कार्यों से जुड़ी समस्याएं भी उठाईं। प्रधान मीना कुमारी ने बताया कि पंचायत का अपना भवन नहीं है और कार्य किराये के भवन से चल रहा है।
भूमि उपलब्ध होने के बावजूद धनराशि के अभाव में भवन निर्माण नहीं हो सका है। उन्होंने सरकार से पंचायत भवन के लिए शीघ्र बजट उपलब्ध करवाने की मांग की। साथ ही पंचायत ने विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का भरोसा दिया।

