
बैजनाथ – बर्फू
हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के बीड़ बिलिंग से मनाली के लिए उड़ान भरने के बाद बड़ा भंगाल में फंसे दिल्ली के पैराग्लाइडर पायलट को सुरक्षित बचाकर मनाली पहुंचाया गया है। पायलट बड़ा भंगाल की पहाड़ियों पर लैंड करते समय फंस गया था।
एयर हिमालयन की टीम ने पायलट को बड़ा भंगाल की पहाड़ियों से सुरक्षित निकालकर मनाली पहुंचाया। मेडिकल जांच के बाद पैराग्लाइडर पायलट स्वस्थ है। बुधवार को दिल्ली के पैराग्लाइडर पायलट सुमित ने मनाली के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन बीड़ की पहाड़ियों पर अचानक बादल छा जाने और हवा का रुख बदलने के कारण पायलट को लैंड करना पड़ा।
पायलट ने बड़ा भंगाल की पहाड़ियों के बीच लैंडिंग की। इस कारण वह फंस गए और मनाली की ओर नहीं आ पाए। एक विशेष उपकरण से पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन से संपर्क में थे। लिहाजा, एसोसिएशन की ओर से एयर लिफ्ट करने के लिए एयर हिमालय से संपर्क किया गया।
एयर हिमालय ने गुरुवार को बड़ा भंगाल के लिए उड़ान भरी। बड़ा भंगाल की पहाड़ियों में सुमित को ढूंढने के बाद एयर लिफ्ट कर मनाली पहुंचाया गया।
एयर हिमालय के निदेशक अमिताभ शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही बचाव टीम तैयार कर बड़ा भंगाल के लिए सुबह ही भेजी गई थी। सुमित को एयर लिफ्ट कर मनाली पहुंचाया गया है। मेडिकल जांच में बिल्कुल स्वस्थ हैं।
