
शिमला – नितिश पठानियां
राजधानी शिमला के साथ लगते जाठिया देवी में नया शहर बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने वित्तीय वर्ष 2023-24 के बजट में इसका ऐलान किया। इसकी डीपीआर जल्द तैयार होगी। इसके लिए 1373 करोड़ देने की घोषणा मुख्यमंत्री ने बजट में की है।
प्रदेश में 75 साल के बाद कोई नया शहर बनाया जा रहा है। जाठिया देवी शिमला से करीब 18 किलोमीटर दूर नालागढ़ रोड़ पर स्थित है। जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट से करीब 3 किलोमीटर पीछे यह स्थान है।
पूर्व में जब वीरभद्र सिंह की सरकार थी और सुधीर शर्मा शहरी विकास विभाग के मंत्री थे तब यहां पर टाउनशिप बनाने की योजना तैयार की गई थी। इसके लिए हिमुडा ने करोड़ों का लोन भी लिया था।
सत्ता परिवर्तन के बाद सरकार का यह प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। अब मुख्यमंत्री के ऐलान के बाद उम्मीद है कि यह योजना फिर से सिरे चढ़ेगी।
यह है योजना
शिमला शहर अंग्रेजों के जमाने का बसाया हुआ है। केवल 25 हजार लोगों के लिए बना था। शिमला शहर की आबादी अब पौने दो लाख से भी अधिक है।
एनजीटी ने शहर में लगातार बढ़ते भार को कम करने के लिए यहां ढाई मंजिल से ज्यादा भवनों के निर्माण पर रोक लगा दी है। सरकार शिमला के साथ नया शहर बनाकर शिमला में बढ़ रहे भार को कम करने का प्रयास करेगी।
