
कोटला- ब्यूरो
खनन विभाग, पुलिस-प्रशासन को बार-बार खनन माफिया की शिकायत करने बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो लोगों ने खुद ही खनन माफिया की पोकलेन को पकड़ा तथा इसके बारे में खनन विभाग सहित पुलिस को सूचित किया गया।
बीडीसी सुरिंदर कुमार ने खनन माफिया के खिलाफ जंग छेड़ रखी है तथा लगातार खनन माफिया के खिलाफ पुलिस-प्रशासन को भी चेताया जा रहा है लेकिन खनन माफिया पर कोई भी कार्रवाई नहीं हो रही है।
सुरिंदर कुमार ने बताया कि रविवार को बग्गा में सिद्धाथा नहर के समीप उपप्रधान योगेश की जमीन पर खनन माफिया की पोकलेन खनन कर रही थी जिस पर लोगों ने बीडीसी सुरिंदर कुमार के नेतृत्व में एकजुट होकर स्वयं ही कार्रवाई की तथा खनन माफिया की पोकलेन को पकड़ लिया व इसके बारे में एसपी कंट्रोल रूम को सूचना दी।
सुरिंदर कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन व पुलिस कुंभकर्णी नींद सोई हुई है तथा खनन माफिया के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही है जिस कारण खनन माफिया सरेआम लोगों की जमीनों में भी जेसीबी सहित पोकलेन से खनन कर रहा है। आखिरकार खनन माफिया की मनमर्जी हावी क्यों है?
उन्होंने कहा कि एसपी कंट्रोल रूम में सूचना देने के बाद भी पुलिस शाम को मौके पर पहुंची और पोकलेन का 50000 रुपये का चालान किया । कहीं न कहीं खनन माफिया व पुलिस का तालमेल के कारण ही खनन माफिया द्वारा सरेआम खनन किया जा रहा है। मात्र पुलिस ट्रेक्टरों के ही चालान काटती है, जबकि खनन तो क्रशर वाले करते हैं।
बीडीसी सुरिंदर कुमार ने कहा कि खनन करते हुए पकड़ी गई पोकलेन का पुलिस ने 50000 का चालान किया । उन्होंने कहा कि अगर अवैध खनन पर कोई ठोस कार्रवाई न हुई तो वह लोगों को साथ लेकर उपतहसील कोटला में नायब तहसीलदार के कार्यालय समक्ष भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे।
इस सारे प्रकरण पर मौक पर पहुंचे, बग्गा के गांववासियों और उप प्रधान जांगल पंचायत योगेश ने कहा की क्रशर वालों ने अवैध खनन कर हमारी और गांव वालों की जमीन को बहुत नुकसान पहुंचा दिया है और हमारे श्मशान घाट और उसका रास्ता भी उखाड़ दिया है l इसलिए मैं और मेरे गांव वाले इस अवैध खनन की लड़ाई को जारी रखेंगे ताकि हमारी जमीन सुरक्षित रहे ।
