हिम खबर डेस्क
पांच चरणों में बन रहा मंडी-पठानकोट फोरलेन प्रोजेक्ट के जवाली क्षेत्र के प्रभावितों के लिए राहत भरी खबर है। जवाली उपमंडल में फोरलेन में कटी जमीन के बाकी हिस्से को प्रशासन ने अनलॉक कर दिया है। लंबे समय से जमीन के पूरे नंबर को लॉक किया गया था।
हालांकि शाहपुर में अभी ये सारे नंबर लॉक हैं। इससे वहां के लोगों को नंबर अनलॉक होने के लिए इंतजार करना पड़ेगा। अकेले ज्वाली उपमंडल की बात करें, तो वहां फोरलेन के दो फेज हैं। पहला भेडख़ड्ड से लेकर सिहुणी तक नौ किलोमीटर और दूसरा सिहुणी से लेकर तख्नयाड़ तक चार किलोमीटर है।
इस क्षेत्र में सैकड़ों नंबर फोरलेन में आए थे। अब इन नंबरों के फोरलेन से बचे हिस्से को अनलॉक करने से लोगों को बड़ी राहत मिली है। बात शाहपुर की करें,तो यहां तख्न्याड़ से राजोल तक 26 किलोमीटर लंबा फोरलेन का पैच बनना है।
इस क्षेत्र में पूरा नंबर लॉक होने से लोगों दिक्कत हो रही है।मसलन फोरलेन के किनारे किसी की पांच कनाल जमीन का एक नंबर है और उसकी सिर्फ दो कनाल जमीन सडक़ चौड़ाई में आई है, तो उस सारी जमीन को लॉक किया गया है।
लोगों का कहना है कि अब उन्होंने अपनी जमीन सरकार के नाम कर दी है तथा उन्हें मुआवजा भी मिल गया है, तो प्रशासन को चाहिए कि बाकी बची जमीन को अनलॉक कर दे। दूसरी ओर फोरलेन किनारे 100 मीटर तक निर्माण की बंदिशों पर भी अभी तस्वीर साफ नहीं हो पाई है। इससे हजारों लोग असमंजस में हैं।
कुछ ऐसी है दिक्कत
जमीन का पूरा नंबर ब्लाक होने से प्रभावित लोग उस जमीन पर न तो भवन बना पा रहे हैं और न ही उसपर लोन ले पा रहे। रजिस्ट्री तो दूर की बात है। राजोल के गोबिंद सिंह ने बताया कि उनके परिवार की दो जगह जमीन फोरलेन में आई है। उन्होंने सारी प्रक्रिया पूरी कर ली है। अब सरकार को चाहिए कि वह शेष हिस्से को अनलॉक कर दे, ताकि वे उसपर काम कर सकें।
क्या कहते हैं दोनों एसडीएम
एसडीएम ज्वाली महेंद्र प्रताप ने बताया कि फोरलेन का काम तेजी से चल रहा है। इस क्षेत्र में नंबरों को अनलॉक कर दिया है। कहीं दिक्कत होगी, तो उसे दूर कर लिया जाएगा।
वहीं शाहपुर के एसडीएम करतार चंद ने कहा कि शाहपुर क्षेत्र में नंबरों को जल्द अनलॉक किया जाएगा। इस क्षेत्र में तेजी से प्रोसेस चल रही है।
फोरलेन किनारे 100 मीटर निर्माण न करने को लेकर जिला प्रशासन के पास कोई नोटिफिकेशन नहीं आई है। अभी ऐसी कोई सूचना नहीं है। जिला प्रशासन के पास प्रदेश सरकार या अन्य कोई जानकारी आएगी, तो उसे जनता से शेयर किया जाएगा

