
व्यूरो रिपोर्ट
फर्जी प्रमाण पत्र बनाकर सरकारी नौकरी लेने के आरोप में थाना इंदौरा में आरोपी के खिलाफ 420 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगामी जांच अमल में ला रही है। थाना इंदौरा में शिकायतकर्ता अभिनय सिंह निवासी इंदौरा ने शिकायत पत्र दिया, जिसमें आरोप लगाया कि दलजीत कुमार ने फर्जीवाड़ा करते हुए अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र बनाया और वर्षों पहले जेबीटी शिक्षक की नौकरी हासिल की, जो खंड इंदौरा के एक गांव में सरकारी स्कूल में तैनात हैं।
वहीं आरोपी दलजीत का अन्य भाई, जो बैंक में कार्य करता है, उसने अन्य पिछड़ा वर्ग का प्रमाण पत्र बनाकर नौकरी हासिल की है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि एक ही पिता के 2 सगे पुत्रों द्वारा अलग-अलग जाति प्रमाण पत्र बनाकर सरकारी नौकरी का लाभ उठाने का मामला ध्यान में आया, जिसके चलते शिकायतकर्ता ने थाना इंदौरा में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
थाना इंदौरा के प्रभारी सुरिंद्र धीमान ने बताया कि शिकायतकर्ता अभिनय सिंह के बयानों के आधार पर फर्जी तरीके से प्रमाण पत्र बनाकर सरकारी नौकरी हथियाने के आरोप में दलजीत सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया गया है और पुलिस द्वारा आगामी जांच अमल में लाई जा रही है।
