मंडी – अजय सूर्या
हिमाचल प्रदेश के मंडी संसदीय क्षेत्र की भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि जिस उम्र में लड़कियां प्रेम पत्र लिखती हैं, उस उम्र में उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में स्क्रिप्टें लिखीं। कंगना ने कहा कि उन्हें कभी अपना बचपन जीने का सही अवसर नहीं मिला, जबकि सोनिया गांधी के बच्चों का बचपन तो बुढ़ापे में भी खत्म नहीं हो रहा है।
सोमवार को मंडी जिले के गोहर उपमंडल के ख्योड़ में आयोजित जिला स्तरीय नलवाड़ मेले के समापन पर मीडिया से बातचीत करते हुए कंगना ने कहा कि महज 15 साल की उम्र में उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा और तब से स्क्रिप्टें लिख रही हैं, जबकि इस उम्र की लड़कियां प्रेम पत्र लिखती हैं।
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस की जितनी भी सरकारें हैं, वे विकास का पैसा सोनिया गांधी के दरबार तक पहुंचाने का काम करती हैं। यह केवल हिमाचल प्रदेश तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे देश की कहानी है।

कंगना ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों पर भी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा, मैं देश की इकलौती ऐसी बेटी हूं, जो अपना नुकसान करके देश के लाभ के बारे में सोचती है।
आज मेरा करियर बर्बाद कर दिया, सिक्योरिटी लेकर घूमना पड़ रहा है, लेकिन फिर भी मैं देश की बेटियों के हक और ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ के खिलाफ अकेली खड़ी हूं। पूरा देश देख रहा है, और जब भी मुझ पर कोई संकट आया, तो देश मेरे साथ खड़ा रहा।
किसानों के मुद्दे पर भी कंगना ने अपनी राय रखते हुए कहा कि किसानों के हितकारी नुकसान को पूरा किया जाना चाहिए और इसके लिए किसानों को अपनी आवाज बुलंद करनी होगी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उनके इस बयान को भी विवादित बनाया जा सकता है।

